पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा को दिल्ली की सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा और पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। कालीघाट स्थित आवास पर टीएमसी विधायकों की बैठक में ममता बनर्जी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि राजनीतिक लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि देश की राजनीति में जल्द बदलाव देखने को मिलेगा और भाजपा को केंद्र की सत्ता से बेदखल किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 207 सीटों पर कब्जा किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। इस जीत के साथ भाजपा ने राज्य में टीएमसी के 15 साल पुराने शासन का अंत कर दिया।
बैठक में टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी भाजपा के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बावजूद उनकी लड़ाई जारी रहेगी और किसी दबाव में झुकने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने कहा, “वे जो चाहें करें, नोटिस भेजें या मेरा घर गिरा दें, लेकिन मैं भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा।”
अभिषेक बनर्जी ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर भी निशाना साधा। टीएमसी सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि राज्य ने कई मुख्यमंत्री देखे हैं, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री जैसा कोई नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कैमरे पर पैसे लेते हुए दिखे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया गया।
चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में हुई कथित हिंसा को लेकर टीएमसी ने कलकत्ता हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने टीएमसी कार्यालयों और समर्थकों पर हमला, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया।
ममता बनर्जी 14 मई को वकीलों की पोशाक पहनकर मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल की अदालत में भी पेश हुई थीं। याचिका में हिंसा प्रभावित कार्यकर्ताओं को सुरक्षा देने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
कोलकाता, हावड़ा समेत कई जिलों से झड़पों की खबरें सामने आई हैं। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने के आरोप लगाए हैं, जबकि टीएमसी ने कई कार्यकर्ताओं की हत्या का दावा करते हुए अदालत की निगरानी में जांच की मांग की है।
Comments are closed.