नौतपा से पहले झुलसा उत्तर भारत: बांदा 48.2°C के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर, अगले 5-6 दिन राहत नहीं
उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले पांच से छह दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से शुष्क और गर्म हवाओं का असर बढ़ गया है, जिससे तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है।
बांदा लगातार तीसरे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे बांदा लगातार तीसरे दिन दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया। इतिहास में यह तीसरी बार है, जब बांदा में तापमान 48 डिग्री के पार पहुंचा है। इससे पहले मई 2019 में 48.1 डिग्री और 2022 में 49 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
देश के सबसे गर्म शहरों में नौगांव और रोहतक भी शामिल
देश में दूसरे सबसे गर्म शहर के रूप में मध्य प्रदेश का नौगांव रहा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा का रोहतक 46.9 डिग्री के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं महाराष्ट्र के अमरावती में 46.8 डिग्री और दिल्ली रिज क्षेत्र में 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
60 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, पश्चिम से लेकर पूर्वी भारत तक गर्मी का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा और तापमान में फिलहाल किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में भारत के शहर
एक्यूआई.इन की लाइव ग्लोबल टेम्परेचर रैंकिंग के अनुसार, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी शहर भारत के हैं। इस सूची में बांदा, नौगांव, रोहतक, आगरा, झांसी, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और वाराणसी जैसे शहर शामिल हैं।
पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी का असर
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 44.6 डिग्री, जम्मू में 42 डिग्री, उत्तराखंड के रुड़की में 41 डिग्री और पंतनगर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊना में 43.4 डिग्री, नेरी (हमीरपुर) में 41.2 डिग्री और मंडी में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
Comments are closed.