कोहरे और ठंड की गिरफ्त में दिल्ली, बर्फीली हवाओं से बिगड़ा मौसम, जानें कब मिलेगी राहत

2

भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत पांच राज्यों में भीषण ठंड और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राजधानी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से शीतलहर और बहुत घने कोहरे का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को दिल्ली के पालम में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम रहा। यह पालम क्षेत्र में वर्ष 2010 के बाद दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। वहीं, दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राजधानी में दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहा।

उत्तर भारत में शीतलहर का कहर

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कंपकंपाने वाली ठंड और घने कोहरे का यह दौर अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है। गुरुवार को IMD ने दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भीषण ठंड और बहुत घने कोहरे की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

15 जनवरी को देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर सिर्फ 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद उत्तराखंड के पंतनगर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यूपी-बिहार से पंजाब-हरियाणा तक शीतलहर

IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद ठंड में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक शीत दिवस (Cold Day) रहने की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

बादल छाएंगे, धीरे-धीरे बदलेगा मौसम

दिल्ली में 16 जनवरी की शाम से आसमान में आंशिक बादल छाने की संभावना जताई गई है। यह बदलाव हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिलेगा। बादलों का यह सिलसिला अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है, हालांकि इस दौरान कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है।

16 जनवरी को कई इलाकों में मध्यम धुंध और कुछ स्थानों पर घनी धुंध छाई रह सकती है। इसके बाद सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध देखने को मिल सकती है।

अगले पांच दिनों का मौसम अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।

Comments are closed.