उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा तक गुरुवार को घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया।
कई इलाकों में कोहरा इतना घना रहा कि सड़क पर 5 मीटर तक की दूरी भी साफ दिखाई नहीं दी। मौसम विभाग ने पहले ही इन राज्यों में घने से अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की थी। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में कोहरे के साथ बर्फीली हवाएं भी चलीं, जिसे पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, घने कोहरे का यह दौर अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरा और घना होगा। उत्तर प्रदेश के कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, उन्नाव, गोरखपुर समेत कई जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का अनुमान है। वाराणसी, हिंडन और लखनऊ एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन में दिक्कतें आ सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में 12 से 15 दिसंबर के बीच कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा था। हालांकि 16 और 17 दिसंबर को तेज हवाओं के कारण कोहरा कुछ हद तक छंट गया था, लेकिन 17 दिसंबर की रात से एक बार फिर कोहरा छा गया और गुरुवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। इसके बावजूद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की गई है।
दिल्ली में अगले पांच दिनों तक कोहरे का असर बना रह सकता है। न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे ज्यादा ठंड का अहसास नहीं होगा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर, कुशीनगर, कानपुर, बहराइच, हरदोई, बलिया और अमेठी जैसे जिलों में दृश्यता 20 से 50 मीटर तक सिमट सकती है। उत्तराखंड के पंतनगर और खटीमा में भी विजिबिलिटी काफी कम दर्ज की गई।
शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में 18 से 22 दिसंबर के बीच शीत लहर की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में भी इसी अवधि में घने कोहरे का असर रहेगा। हिमाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा और झारखंड में 18 से 20 दिसंबर तक कोहरे की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में मौसम का मिज़ाज
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 23 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 20 और 21 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पंजाब में भी 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
पंजाब से राजस्थान तक असर
पंजाब के सीमावर्ती जिलों, खासकर अमृतसर और गुरदासपुर में घना कोहरा छाया रहा। राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी कोहरे का असर दिखा। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, नागौर में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री और सीकर के फतेहपुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 2-3 दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी राजस्थान में बादल छाने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
Comments are closed.