पेट्रोल पंपों पर पुलिस तैनात
‘No PUC, No Fuel’ नियम को सख्ती से लागू करने के लिए दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर यातायात पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही परिवहन विभाग, नगर निगम और खाद्य विभाग के अधिकारी भी निगरानी के लिए मौजूद रहेंगे, ताकि नियम का सही ढंग से पालन कराया जा सके।
किन वाहनों पर लागू नहीं होगा प्रतिबंध
PUC प्रमाणपत्र की जांच के लिए ANPR (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरों के साथ पुलिस की मदद ली जाएगी। हालांकि, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
PUC बनवाने के लिए लगी लंबी कतारें
सरकारी आदेश के बाद बुधवार को PUC सर्टिफिकेट अपडेट कराने के लिए केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। एक वाहन चालक ने कहा, “इस फैसले से लोगों को परेशानी होगी। ऑफिस जाने में दिक्कत आएगी और नुकसान भी होगा। लोग पहले भी PUC बनवा रहे थे और अब मजबूरी में भीड़ बढ़ गई है।”
पेट्रोल पंप डीलरों की चिंता
दिल्ली के पेट्रोल पंप डीलरों ने कहा है कि बिना पर्याप्त कानूनी और तकनीकी सुरक्षा के इस नियम को जल्दबाजी में लागू करने से पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी फैल सकती है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।
8 लाख वाहनों पर जुर्माना
वैध PUC प्रमाणपत्र नहीं होने के कारण अब तक करीब 8 लाख वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गैर-BS6 वाहनों के प्रवेश पर रोक
दिल्ली में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए राजधानी के बाहर पंजीकृत गैर-BS6 वाहनों के प्रवेश पर भी आज से प्रतिबंध लागू हो गया है। शहर के सभी प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं।
बॉर्डर पर प्रवर्तन दल
परिवहन विभाग के पास 78 से 80 प्रवर्तन दल हैं, जिन्हें कुंडली, रजोकरी, टिकरी, आया नगर, कालिंदी कुंज, औचंदी, मंडोली, कापसहेड़ा और बाजघेरा टोल/द्वारका एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रवेश बिंदुओं पर तैनात किया गया है।
सख्ती से लागू होंगे नियम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सभी सीमाओं पर कई टीमें तैनात की गई हैं, ताकि प्रतिबंधों को सख्ती से लागू किया जा सके।
प्रदूषण पर लगाम की कोशिश
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए GRAP के तीसरे और चौथे चरण के दौरान दिल्ली के बाहर पंजीकृत और BS-6 से नीचे श्रेणी के वाहनों को राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। PUC स्थिति और उत्सर्जन श्रेणी की जांच के लिए ANPR सिस्टम और मौके पर मैनुअल जांच दोनों की जाएगी।
Comments are closed.