अमेरिका में ‘नो एंट्री’: ट्रंप ने सीरिया-माली समेत 39 देशों पर ट्रैवल बैन बढ़ाया

1

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को यात्रा प्रतिबंध के दायरे का विस्तार करते हुए सीरिया समेत सात और देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगा दी। व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रंप ने इस संबंध में एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

नए आदेश के तहत बर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान, सीरिया और फलस्तीनी प्राधिकरण द्वारा जारी यात्रा दस्तावेज रखने वाले नागरिकों पर अमेरिका में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।

लाओस और सिएरा लियोन पर पूर्ण प्रतिबंध
इस फैसले के तहत लाओस और सिएरा लियोन को भी पूर्ण यात्रा प्रतिबंध की सूची में शामिल कर लिया गया है। इन दोनों देशों पर पहले केवल आंशिक प्रतिबंध लागू थे। विस्तारित ट्रैवल बैन 1 जनवरी से प्रभावी होगा।

यह कदम ट्रंप के उस बयान के उलट माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने नवंबर में सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से मुलाकात के बाद सीरिया को स्थिर और सफल बनाने में मदद करने की बात कही थी। उल्लेखनीय है कि अल-शारा अल-कायदा के पूर्व कमांडर रह चुके हैं और हाल तक अमेरिका ने उन्हें विदेशी आतंकवादी घोषित कर रखा था।

पहले भी लगाया गया था प्रतिबंध
इससे पहले जून में भी ट्रंप प्रशासन ने एक घोषणापत्र जारी कर 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था, जबकि सात अन्य देशों के लिए आंशिक प्रतिबंध लागू किए गए थे। ट्रंप ने उस समय कहा था कि यह कदम विदेशी आतंकवाद और अन्य राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए जरूरी है।

व्हाइट हाउस के अनुसार, उन 12 देशों पर लगाया गया यात्रा प्रतिबंध अब भी लागू है और नए फैसले के साथ प्रतिबंधों का दायरा और बढ़ा दिया गया है।

Comments are closed.