पूर्व पाक PM इमरान खान को अदियाला जेल से अस्पताल ले जाया गया, इलाके में कड़ी सुरक्षा

0

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गुरुवार देर रात इलाज के लिए रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने इसकी पुष्टि की है।

इमरान खान के स्वास्थ्य और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर उठाई गई चिंताओं के बाद सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था। अदालत ने विशेषज्ञ डॉक्टरों और उनके निजी चिकित्सक डॉ. फैसल सुल्तान को शामिल कर मेडिकल बोर्ड बनाने का भी आदेश दिया है।

अस्पताल में जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद यह तय किया जाएगा कि इमरान खान को इलाज के लिए अस्पताल में रखा जाए या उन्हें वापस जेल भेजा जाए। हालांकि, उनकी पार्टी और परिवार ने मांग की है कि उन्हें अस्पताल में ही रखकर उपचार जारी रखा जाए।

संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा है कि यदि पाकिस्तान में उपलब्ध सरकारी चिकित्सा सुविधाओं में इमरान खान का पर्याप्त इलाज संभव नहीं हुआ, तो सरकार उन्हें विदेश भेजने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।

इमरान खान की सेहत को लेकर विवाद उस समय बढ़ा जब जनवरी के अंत में उनके परिवार ने दावा किया कि उनकी दाहिनी आंख की करीब 85 प्रतिशत दृष्टि चली गई है। अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी आंखों की रोशनी में लगभग 70 प्रतिशत सुधार हुआ है।

अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से बेदखल किए गए इमरान खान 2023 से जेल में हैं। भ्रष्टाचार समेत कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद वह अदियाला जेल में सजा काट रहे हैं।

Comments are closed.