दीवाली पर दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 404 पर पहुंचा; मुंबई में प्रदूषण का स्तर काफी कम

1

दीवाली के बाद दिल्ली की हवा में घुला जहर, कई इलाकों में AQI 400 के पार; मुंबई में स्थिति बेहतर

दीवाली के अगले दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जिससे हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई।

त्योहार के बाद दिल्ली के आसमान में सुबह से ही स्मॉग की घनी परत छाई रही। इसके चलते कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार

CPCB के आंकड़ों के अनुसार, गाजीपुर में AQI 418 दर्ज किया गया, जबकि अक्षरधाम के आसपास यह 337 रहा। राजधानी के कई अन्य निगरानी केंद्रों पर भी प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया।

बुराड़ी क्रॉसिंग में सबसे अधिक 441 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं, विवेक विहार में 437, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में 434 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस तथा जहांगीरपुरी में 433-433 दर्ज हुआ। रोहिणी का AQI भी 430 रहा।

इसके अलावा मुंडका में 417, पंजाबी बाग में 409, नरेला में 407 और आईटीओ में 407 एक्यूआई दर्ज किया गया।

दूसरी ओर, मथुरा रोड में 396, आया नगर में 386, तालकटोरा गार्डन में 384 और लोधी रोड में 370 AQI रहा। वजीरपुर में 365, आरके पुरम में 364, नजफगढ़ में 340 और आनंद विहार में 335 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके बहुत खराब श्रेणी में रहे।

दिल्ली-NCR में पहले से लागू हैं GRAP-3 की पाबंदियां

प्रदूषण की स्थिति बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दीवाली से तीन दिन पहले ही शुक्रवार को दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण को लागू कर दिया था।

इसके तहत दिल्ली के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के NCR क्षेत्रों में भी अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के मौसम तथा प्रदूषण पूर्वानुमानों को ध्यान में रखते हुए ये कदम एहतियातन उठाए गए थे, ताकि राजधानी का औसत AQI गंभीर स्तर तक पहुंचने से रोका जा सके।

मुंबई में AQI 170, लखनऊ और जयपुर में भी स्मॉग

दिल्ली के मुकाबले मुंबई में वायु गुणवत्ता की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। सोमवार सुबह शहर के बांद्रा और कलानगर समेत कई इलाकों में धुंध और स्मॉग दिखाई दिया, लेकिन मुंबई का औसत AQI 170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।

हालांकि, मुंबई के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर अधिक रहा। खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में AQI 264, शिवड़ी में 226, घाटकोपर में 221 और चेंबूर में 216 दर्ज किया गया। वहीं, वर्ली में यह 148 और कुर्ला में 96 रहा।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सुबह कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत देखी गई। राजस्थान की राजधानी जयपुर में हल्का कोहरा छाया रहा। CPCB के मुताबिक, जयपुर का AQI 204 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है।

क्या हैं GRAP के चार चरण?

ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी GRAP दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए तैयार की गई चार चरणों वाली आपातकालीन व्यवस्था है। प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ इसके तहत प्रतिबंधों को सख्त किया जाता है।

GRAP-1: AQI 201 से 300 के बीच होने पर लागू होता है। इस चरण में सड़कों की सफाई, धूल नियंत्रण और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे उपाय किए जाते हैं।

GRAP-2: AQI 301 से 400 के बीच पहुंचने पर लागू होता है। इसके तहत पानी का छिड़काव बढ़ाने, पार्किंग शुल्क में वृद्धि और निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने जैसे कदम उठाए जाते हैं।

GRAP-3: AQI 401 से 450 के बीच होने पर लागू किया जाता है। इसमें गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ पर रोक, पुराने BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध तथा प्राथमिक कक्षाओं के लिए ऑनलाइन या हाइब्रिड पढ़ाई जैसे उपाय शामिल हैं।

GRAP-4: AQI 450 से ऊपर जाने पर लागू होता है। इस चरण में ट्रकों और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध तथा उद्योगों पर अतिरिक्त सख्ती की जाती है।

छह श्रेणियों में बांटा गया है AQI

CPCB के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक को प्रदूषण के स्तर और उससे होने वाले संभावित स्वास्थ्य प्रभावों के आधार पर छह श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

0 से 50 तक AQI को अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक और 101 से 200 तक मध्यम माना जाता है। वहीं, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है।

AQI का स्तर जितना अधिक होता है, हवा में प्रदूषण का प्रभाव उतना ही ज्यादा होता है और लोगों के स्वास्थ्य के लिए जोखिम बढ़ जाता है।

Comments are closed.