संघर्ष विराम प्रयासों के बीच हमास 10 बंधकों की रिहाई को राज़ी, इजरायल ने गाजा में 100 से अधिक ठिकानों पर किए हमले
गाजा में जारी संघर्ष के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में फलस्तीनी संगठन हमास ने बुधवार को कहा कि उसने संघर्ष विराम की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत 10 बंधकों को रिहा करने पर सहमति जताई है। हालांकि, उसने यह भी आरोप लगाया कि वार्ता इजरायल के “अड़ियल रुख” के कारण कठिन हो रही है।
हमास ने जारी बयान में कहा कि संघर्ष विराम वार्ता में अब भी कई जटिलताएं बनी हुई हैं, जिनमें मानवीय सहायता का निर्बाध प्रवाह, इजरायली बलों की गाजा से पूर्ण वापसी और स्थायी युद्धविराम की स्पष्ट गारंटी शामिल हैं।
इजरायल का जवाबी हमला, 100 से अधिक आतंकी ठिकाने तबाह
इजरायल ने इन घटनाक्रमों के समानांतर गाजा में अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। इजरायली रक्षा बलों (IDF) के मुताबिक, बीते 24 घंटों में गाजा पट्टी में 100 से अधिक आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए हैं।
तेल अवीव से मिली रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर गाजा के शजाया और जैतून क्षेत्रों में इजरायली सैनिकों ने एक नागरिक भवन के भीतर छिपाए गए विस्फोटकों और सुरंगों के भंडार को खोजकर नष्ट किया। वहीं, सेंट्रल गाजा के दाराज तुफ्फा इलाके में हमास के हथियार डिपो को निशाना बनाया गया।
IDF ने बताया कि दक्षिणी गाजा के रफा इलाके में, सैनिकों ने एक आतंकी सेल को खत्म किया और जिनीना क्षेत्र में कई सुरंग शाफ्ट और अन्य बुनियादी ढांचे को ध्वस्त किया गया।
लाल सागर में हूती हमले के बाद कार्गो जहाज डूबा, 15 नाविक अब भी लापता
इधर, लाल सागर में जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच एक और दुखद घटना सामने आई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा निशाना बनाए गए ‘इटर्निटी सी’ नामक मालवाहक जहाज के डूबने के बाद 15 नाविक लापता हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, बचाव दल ने अब तक छह चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाला, जबकि चार की मौत हो चुकी है। यह हमला सोमवार और मंगलवार को किया गया था और जहाज बुधवार सुबह पूरी तरह डूब गया।
बचाए गए नाविक 24 घंटे तक समुद्र में रहे
बचावकर्मियों के अनुसार, जीवित बचे नाविकों ने 24 घंटे से अधिक समय पानी में गुजारा। हूतियों ने इससे पहले रविवार को एक अन्य जहाज ‘मैजिक सीज’ पर भी मिसाइल हमला किया था, हालांकि उस जहाज के चालक दल को समय रहते बचा लिया गया था।
Comments are closed.