Weather Update: देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली ने 8 दिन में तोड़ा अगस्त की औसत बारिश का रिकॉर्ड
देश के कई राज्यों में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी और मध्य भारत तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। वहीं, राजधानी दिल्ली में अगस्त की शुरुआत में ही बारिश ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
इन राज्यों में जमकर बरसेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मैदानी और मध्य भारत में पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मध्य प्रदेश में स्कूल बंद
मध्य प्रदेश के कई जिलों में रविवार को भी बारिश जारी रही। मंडला में लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। इसके चलते नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
डिंडोरी में भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए सोमवार को नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य में बारिश का एक और तेज दौर देखने को मिल सकता है।
यूपी में बढ़ा नदियों का जलस्तर
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंच गई हैं।
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। ललितपुर और महोबा में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के 20 जिलों में येलो अलर्ट
बिहार में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले कई दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इन इलाकों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
IMD के ताजा अपडेट के मुताबिक कुछ राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
इन इलाकों में अलर्ट
मेघालय: दक्षिण गारो हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स में ऑरेंज अलर्ट।
छत्तीसगढ़: बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, महासमुंद और मुंगेली।
मध्य प्रदेश: अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, दमोह, डिंडोरी, गुना, जबलपुर, मंडला, रायसेन, सागर, सिवनी, शहडोल, उमरिया और विदिशा।
उत्तराखंड: बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़।
IMD की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। घर से निकलने से पहले रास्तों और मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लें। बहुत जरूरी न होने पर बारिश और तेज हवाओं के दौरान यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
दिल्ली में 8 दिन में ही अगस्त की औसत बारिश पार
राजधानी दिल्ली में इस बार अगस्त की शुरुआत से ही बारिश का जोर देखने को मिल रहा है। सफदरजंग मौसम केंद्र में अगस्त के पहले 8 दिनों में ही 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग के 1991-2020 के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अगस्त महीने की सामान्य बारिश 226.8 मिलीमीटर है। यानी राजधानी ने पूरे महीने की औसत बारिश का आंकड़ा सिर्फ 8 दिनों में ही पार कर लिया।
शनिवार को समाप्त हुए 24 घंटे के दौरान सफदरजंग में 98.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। यह पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन में दर्ज सबसे अधिक बारिश रही। इससे पहले 1 अगस्त 2024 को 107.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
दिल्ली में लगातार चौथे दिन रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है।
Comments are closed.