पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार देर रात सुरक्षाबलों के काफिले पर बड़ा आतंकी हमला हुआ।
डेरा इस्माइल खान जिले के पास हुए इस भीषण IED धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट में 16 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि कई आम नागरिक भी इसकी चपेट में आए। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना और फ्रंटियर पुलिस के जवान लोनी पोस्ट से लौट रहे थे, तभी एक आत्मघाती हमलावर ने कैडेट कॉलेज के मुख्य द्वार के पास विस्फोट कर दिया। इस धमाके में छह नागरिक भी घायल बताए जा रहे हैं।
पाकिस्तान पुलिस ने बताया कि हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है। यह वही संगठन है जिसे पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल प्रतिबंधित घोषित किया था।
हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा और इसके आसपास के इलाकों में आतंकी हमलों की घटनाएं तेज़ी से बढ़ी हैं। अफगानिस्तान सीमा से सटे इन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों पर लगातार हमले हो रहे हैं। पाकिस्तानी सेना के अनुसार, कुछ दिन पहले ही दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 20 उग्रवादियों को मार गिराया गया था।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह हमला एक बार फिर पाकिस्तान में बढ़ते आतंकी खतरे और सुरक्षा तंत्र की चुनौतियों को उजागर करता है।
Comments are closed.