रूस के समर्थन में उतरा उत्तर कोरिया, यूक्रेन युद्ध के लिए भेजे 10 हजार सैनिक; जापान-दक्षिण कोरिया को दी चेतावनी
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने स्पष्ट किया है कि उनका देश यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर रूस का बिना शर्त समर्थन करता है। यह बयान उन्होंने उत्तर कोरिया दौरे पर आए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ मुलाकात के दौरान दिया। किम ने भरोसा दिलाया कि उत्तर कोरिया, रूस के हर कदम में उसके साथ है और यूक्रेन युद्ध के कारणों को समाप्त करने में रूसी नेतृत्व के फैसलों का पूर्ण समर्थन करता है।
खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर कोरिया ने अब तक रूस की ओर से यूक्रेन युद्ध में शामिल होने के लिए 10,000 सैनिक भेजे हैं, साथ ही बड़ी मात्रा में सैन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी के मुताबिक, उत्तर कोरिया अब तक रूस को 1 करोड़ 20 लाख तोप और टैंक के गोले भेज चुका है। माना जा रहा है कि लावरोव का यह तीन दिवसीय दौरा इसी सैन्य आपूर्ति और सहयोग को लेकर अहम बातचीत के उद्देश्य से हुआ है।
किम और लावरोव की यह मुलाकात वोनसान शहर में हुई, जहाँ दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। गौरतलब है कि रूस और उत्तर कोरिया के बीच 2024 में हुए रक्षा समझौते के तहत, दोनों देशों ने किसी भी युद्ध स्थिति में एक-दूसरे का साथ देने की सहमति जताई थी।
जापान और दक्षिण कोरिया को उत्तर कोरिया की खुली चेतावनी
इस बीच, उत्तर कोरियाई रक्षा मंत्रालय ने जापान और दक्षिण कोरिया को चेतावनी दी है कि यदि उनकी ओर से कोई भी “सुरक्षा खतरा” उत्पन्न होता है, तो उत्तर कोरियाई सेना तुरंत जवाबी कार्रवाई करेगी। यह प्रतिक्रिया हालिया त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास के बाद सामने आई है, जिसमें अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान की वायु सेनाओं ने हिस्सा लिया था।
पेंटागन के अनुसार, अमेरिका का बी-52 बमवर्षक विमान शुक्रवार को दक्षिण कोरिया के पास गश्त पर था, जिसे उत्तर कोरिया ने उकसावे की कार्रवाई बताया है। इस अभ्यास में तीनों देशों के फाइटर जेट्स ने भी भाग लिया और संयुक्त सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया।
Comments are closed.