महाराष्ट्र में कमर्शियल पैसेंजर वाहनों के ड्राइवरों के लिए मराठी की बुनियादी जानकारी अनिवार्य किए जाने के बाद राज्यभर में जांच अभियान शुरू किया गया है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक के मुताबिक, अभियान के पहले दिन 8,217 ड्राइवरों की जांच की गई, जिनमें 1,268 को मराठी की पर्याप्त जानकारी नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया।
जांच के दौरान मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में 3,995 ड्राइवरों की जांच हुई। इनमें 604 ड्राइवर मराठी की जरूरी जानकारी नहीं रखते पाए गए। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में 4,222 ड्राइवरों की जांच की गई और 664 को नोटिस दिया गया।
इन ड्राइवरों को मराठी का आवश्यक ज्ञान हासिल करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। तय अवधि में नियम का पालन नहीं करने पर उनका ड्राइवर बैज तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है। परिवहन विभाग का कहना है कि यात्रियों से संवाद, सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से ड्राइवरों का मराठी समझना जरूरी है।
राज्य सरकार ने मई में घोषणा की थी कि कमर्शियल पैसेंजर वाहन चालकों के लिए मराठी की बुनियादी जानकारी जरूरी होगी। मराठी नहीं बोलने वाले ड्राइवरों के लिए सरकार ने एक विशेष भाषा पाठ्यक्रम भी शुरू किया था और उन्हें मराठी सीखने के लिए 15 अगस्त तक की समय-सीमा दी गई थी।
गुरुवार को शुरू हुए जांच अभियान के दौरान ड्राइवरों की मराठी भाषा की क्षमता परखने के लिए 16 सवालों वाला टेस्ट भी लिया गया। परिवहन विभाग का यह अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा।
Comments are closed.