हैदराबाद के माधापुर इलाके में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने कार चालक लिंगामनेनी संजुश (21) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और उससे मौत होने का मामला दर्ज किया है। संजुश राज्यसभा सांसद और कारोबारी लिंगामनेनी रमेश के बेटे हैं।
हादसा 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के पास हुआ। मृतका भारती मुखी एक लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन थीं। दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने के साथ लंच से लौट रही थीं। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर में भारती के सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनकी सहकर्मी ने स्टोर मैनेजर को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।
साइबराबाद पुलिस ने संजुश को कार चलाने वाला व्यक्ति बताया है। पुलिस के मुताबिक, वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाया जा रहा था। माधापुर एसीपी सी. श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया गया है और फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा लापरवाही से किसी व्यक्ति की मौत का कारण बनने से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, अपराध जमानती है और इसमें अधिकतम सात साल से कम की सजा का प्रावधान होने के कारण फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की गई है।
Comments are closed.