ईरान-इजरायल टकराव जारी: ट्रंप बोले सीजफायर हुआ, लेकिन मिसाइलें अब भी बरस रहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईरान और इजरायल के बीच चरणबद्ध सीजफायर पर सहमति बन गई है और जंग अब थम चुकी है। लेकिन इस घोषणा के कुछ ही घंटों बाद हालात कुछ और ही कहानी बयां करने लगे।
इजरायली सेना के मुताबिक, ईरान से दागी गई मिसाइलों के कारण देश में चेतावनी सायरन बजने लगे हैं। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने बयान में कहा, “कुछ समय पहले, ईरान से इजरायल की ओर मिसाइलें दागी गईं। हमारे रक्षा सिस्टम सक्रिय हैं और खतरों को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। आम नागरिकों को अलर्ट मिलते ही सुरक्षित स्थानों पर जाने और निर्देश मिलने तक वहीं रहने को कहा गया है।”
इस कथित हमले से कुछ समय पहले ही ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बयान दिया था कि ईरान की सैन्य कार्रवाई तेहरान समयानुसार सुबह 4 बजे तक जारी रही। हालांकि, जब इजरायल ने हमले की पुष्टि की, उस समय तेहरान में सुबह करीब 6 बज रहे थे। इसी दौरान राजधानी तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन घटनाक्रम यह इशारा करता है कि दोनों देशों के बीच तनाव फिलहाल खत्म नहीं हुआ है।
Comments are closed.