NEET-UG फर्जीवाड़ा: लखीसराय केस में आज 30 आरोपियों से 72 घंटे तक होगी पूछताछ

0

NEET UG-2026 फर्जीवाड़ा: 30 आरोपियों से 72 घंटे पूछताछ करेगी EOU, नेटवर्क के बड़े खुलासे की उम्मीद

NEET UG-2026 परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) गुरुवार को लखीसराय मंडल कारा में बंद सभी 30 आरोपियों को 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पटना जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इस दौरान पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क और उसके मास्टरमाइंड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

लखीसराय के किऊल और कबैया थानों में दर्ज तीनों मामलों में अदालत से रिमांड की अनुमति मिलने के बाद EOU ने पूछताछ की विस्तृत योजना तैयार कर ली है। बुधवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने किऊल और कबैया थाने में दर्ज दो मामलों में भी रिमांड की मंजूरी दे दी। इससे पहले एक अन्य मामले में रिमांड की स्वीकृति मिल चुकी थी। अब सभी 30 आरोपियों से एक साथ पूछताछ का रास्ता साफ हो गया है।

सूत्रों के मुताबिक, पटना पहुंचने के बाद सबसे पहले सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जाएगी, ताकि उनके बयानों का स्वतंत्र रूप से विश्लेषण किया जा सके। इसके बाद जरूरत पड़ने पर आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ होगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान EOU के वरिष्ठ अधिकारी और तीनों मामलों के जांच अधिकारी मौजूद रहेंगे।

जांच एजेंसी आरोपियों के बयानों का मिलान डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों से करेगी। इसके लिए जब्त मोबाइल फोन, लैपटॉप, बायोमेट्रिक डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों के लेन-देन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की जाएगी।

EOU यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अभ्यर्थियों, साल्वरों, बिचौलियों और रैकेट के संचालकों के बीच संपर्क कैसे स्थापित हुआ और परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े को किस तरह अंजाम दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान फरार मास्टरमाइंड रविशंकर उर्फ सम्राट और प्रमोद कुमार यादव से जुड़े सुरागों पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही आर्थिक लेन-देन, अन्य साल्वरों की भूमिका, बायोमेट्रिक गड़बड़ी और परीक्षा केंद्रों पर संभावित मिलीभगत को लेकर भी गहन पूछताछ की जाएगी।

जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर EOU की कार्रवाई का दायरा अन्य जिलों और राज्यों तक बढ़ सकता है। अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान जुटाए गए साक्ष्य इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच को नई दिशा देंगे और जल्द ही कुछ और आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

Comments are closed.