ईरान का बड़ा पलटवार! बहरीन-कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें, खाड़ी में हाई अलर्ट

0

ईरान-अमेरिका तनाव फिर बढ़ा, खाड़ी देशों में मिसाइल अलर्ट; कई शहरों में धमाके, तेल बाजार में हलचल

अमेरिका ने एक बार फिर ईरान पर हवाई हमले किए, जिसके बाद गुरुवार तड़के कुवैत, बहरीन और कतर में मिसाइल हमले की आशंका को देखते हुए अलर्ट सायरन बजाए गए। हालांकि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक तीनों देशों में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

इससे एक दिन पहले भी अमेरिका ने ईरान के ठिकानों को निशाना बनाया था। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने बहरीन और कुवैत की दिशा में मिसाइलें और ड्रोन दागे। कुवैती सेना का कहना है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ईरान से आने वाले ड्रोन और मिसाइलों को लगातार इंटरसेप्ट कर नष्ट कर रही है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक शेयर बाजार और कच्चे तेल की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।

ईरान के कई शहरों में धमाकों की खबर

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार बुशहर, चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास और सिरिक समेत कई इलाकों में विस्फोट हुए हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि हालात नहीं सुधरे तो ईरान के बिजली संयंत्रों और समुद्री जल को मीठा बनाने वाले संयंत्रों को निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने खार्ग द्वीप को लेकर भी सख्त रुख दोहराया।

होर्मुज हमले के बाद बढ़ा टकराव

मंगलवार को ईरान ने होर्मुज क्षेत्र में तीन तेल टैंकरों पर हमला किया था। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान पर हवाई कार्रवाई की, जिसके बाद ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमले किए। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई जहाजों पर हुए हमले का जवाब थी और चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

ट्रंप बोले- अंतरिम समझौता खत्म

बुधवार को ट्रंप ने कहा कि युद्ध रोकने के लिए बना अंतरिम समझौता अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि बातचीत के लिए दरवाजे खुले हैं, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि ईरान गंभीरता से आगे बढ़ रहा है। ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई।

ईरान का पलटवार

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह अमेरिका की ताकत नहीं, बल्कि ईरान के प्रति उसकी नीति की विफलता का संकेत है। उन्होंने कहा कि दबाव और धमकियों से ईरान अपनी नीतियां बदलने वाला नहीं है।

Comments are closed.