स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ का पोखरण में सफल परीक्षण, एक साथ कई दुश्मन ड्रोनों को करेगा ध्वस्त

1

भारत का स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ तैयार, पोखरण में सफल परीक्षण; एक साथ कई ड्रोन स्वार्म को करेगा तबाह

भारत ने ड्रोन हमलों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) की ओर से विकसित स्वदेशी काउंटर स्वार्म ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ का 20 से 24 नवंबर के बीच राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में सफल परीक्षण किया गया। वाहन पर तैनात किया जाने वाला यह सिस्टम एक साथ कई दुश्मन ड्रोनों की पहचान कर उन्हें हवा में नष्ट करने की क्षमता रखता है।

भार्गवास्त्र को दो-स्तरीय वायु रक्षा प्रणाली के रूप में विकसित किया गया है। इसमें दुश्मन के ड्रोन झुंड को निशाना बनाने के लिए रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइलों का इस्तेमाल किया जाता है। भारतीय सेना की शुरुआती जरूरतों के तहत इसके पहले संस्करण में रॉकेट आधारित व्यवस्था रखी गई थी, लेकिन कंपनी ने इसकी क्षमता बढ़ाते हुए दूसरा संस्करण भी तैयार किया है।

दो संस्करणों में विकसित किया गया सिस्टम

भार्गवास्त्र के पहले संस्करण (वर्जन-1) में 64 ट्यूब वाला रॉकेट लॉन्चर लगाया गया है, जबकि दूसरे संस्करण (वर्जन-2) में 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर हैं। दूसरे संस्करण की माइक्रो-मिसाइलों में इन्फ्रारेड सीकर और स्वायत्त गाइडेंस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे वे अपने लक्ष्य को अधिक सटीकता से निशाना बना सकती हैं।

आधुनिक सेंसर और एआई तकनीक से लैस

यह एंटी-ड्रोन सिस्टम कई अत्याधुनिक निगरानी उपकरणों से लैस है। इसमें रेडियो फ्रीक्वेंसी (RF) डिटेक्टर, सर्विलांस रडार और दिन-रात काम करने वाला इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल निगरानी तंत्र शामिल है। इन सभी उपकरणों को एआई आधारित एकीकृत कमांड, कंट्रोल, कम्युनिकेशन, कंप्यूटर और इंटेलिजेंस (C4I) नेटवर्क के जरिए संचालित किया जाता है।

पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से हुआ निर्माण

भार्गवास्त्र की खासियत यह है कि इसके सॉफ्टवेयर, रॉकेट, माइक्रो-मिसाइल और अन्य प्रमुख घटकों का डिजाइन तथा निर्माण भारत में ही किया गया है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रणाली से जुड़े सभी बौद्धिक संपदा अधिकार भी एसडीएएल के पास हैं।

पोखरण में हुए परीक्षण के दौरान सिस्टम के रडार और सेंसर ने ड्रोन के वास्तविक झुंड की पहचान कर उसे ट्रैक किया। इसके बाद दागे गए रॉकेट और माइक्रो-मिसाइलों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। तीन सैन्य वाहनों पर तैनात किए जाने वाले इस सिस्टम ने परीक्षण में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। अब यह प्रोटोटाइप प्रदर्शन के अगले चरण में प्रवेश करने के लिए तैयार है।

Comments are closed.