फ्लाईदुबई विमान हमले को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- ईरान को मानता हूं जिम्मेदार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई विमान में हुई हमले की कोशिश को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी को-पायलट द्वारा किए गए कथित आतंकी हमले के पीछे वह व्यक्तिगत रूप से ईरान को जिम्मेदार मानते हैं।
व्हाइट हाउस परिसर में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इस घटना के पीछे ईरान का हाथ था, तो उन्होंने कहा, “हां, मुझे ऐसा लगता है। मैं व्यक्तिगत रूप से ऐसा मानता हूं।”
ट्रंप की यह टिप्पणी 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में हुई उस घटना के बाद आई है, जिसमें ओमान के रहने वाले को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के भीतर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावर की कथित योजना विमान पर नियंत्रण हासिल कर उसे इजराइल में किसी बड़े हादसे का शिकार बनाने की थी।
16 हजार फीट नीचे आया विमान
रिपोर्टों के अनुसार, को-पायलट का इरादा पहले कैप्टन स्मित मच्छर को काबू करने और इसके बाद विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का था। बताया गया कि वह बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति लेकर विमान को किसी इमारत या खड़े विमान से टकराने की योजना बना रहा था।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने और आंखों की रोशनी धुंधली पड़ने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट पर नियंत्रण बनाए रखा। वह कॉकपिट का दरवाजा अंदर से खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और ड्यूटी पर मौजूद क्रू सदस्यों ने कॉकपिट में प्रवेश कर हमलावर को काबू कर लिया।
हमले और उसके बाद हुई हाथापाई के दौरान विमान महज दो मिनट में करीब 16,000 फीट नीचे आ गया। विमान से डिस्ट्रेस सिग्नल भेजे जाने के बाद उसका रुख बदलकर सऊदी अरब के तबुक की ओर किया गया, जहां उसकी सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 180 लोगों की जान बच गई।
नेतन्याहू ने बताया ‘हीरो’
घटना के बाद हमलावर हमाम अल-हम्मामी से पूछताछ जारी है। इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय कैप्टन की बहादुरी की सराहना की है।
एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छर से बातचीत की और उन्हें इजरायल, भारत और पूरी दुनिया का हीरो बताया।
इजरायली सरकार ने कैप्टन स्मित मच्छर और उनके परिवार को मई 2027 में होने वाले इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण भी दिया है।
Comments are closed.