अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने एयरस्पेस किया बंद, एअर इंडिया और इंडिगो की ट्रैवल एडवाइजरी

1

ईरान में बिगड़ते हालात का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी पड़ने लगा है।

ईरान ने एहतियातन अपना हवाई क्षेत्र सभी विमानों के लिए बंद कर दिया है। इसके चलते एयर इंडिया और इंडिगो समेत कई प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस के अनुसार, ईरानी एयरस्पेस बंद होने के कारण उस क्षेत्र से गुजरने वाली अधिकांश उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। इससे उड़ानों में देरी की संभावना बढ़ गई है, जबकि कुछ सेवाओं को रद्द भी किया गया है।

एयर इंडिया की एडवाइजरी

एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए जारी एडवाइजरी में कहा, “ईरान में मौजूदा परिस्थितियों के चलते हवाई क्षेत्र बंद किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारी उड़ानों को वैकल्पिक रूट से संचालित किया जा रहा है, जिससे कुछ फ्लाइट्स में देरी हो सकती है।”

इंडिगो ने भी किया अलर्ट

इंडिगो ने अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में बताया कि ईरान के हवाई क्षेत्र के बंद होने से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। एयरलाइन ने कहा कि यह स्थिति उसके नियंत्रण से बाहर है और यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया गया है।

ईरान में हालात तनावपूर्ण

ईरान में हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। हालात पर काबू पाने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। विभिन्न रिपोर्टों के मुताबिक, हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Comments are closed.