नेपाली कांग्रेस पार्टी बुधवार को औपचारिक रूप से विभाजित हो गई।
महासचिव गगन थापा और विश्व प्रकाश शर्मा के नेतृत्व वाले गुटों तथा पार्टी अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा के बीच चल रही बातचीत किसी सहमति पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद पार्टी में फूट साफ तौर पर सामने आ गई।
विशेष आम सम्मेलन में सर्वसम्मति से 49 वर्षीय गगन थापा को नेपाली कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुना गया। देश की सबसे पुरानी और प्रमुख राजनीतिक पार्टी में यह विभाजन तब अंतिम रूप ले सका, जब थापा और शर्मा द्वारा देउबा से अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अंतिम समय की मांग को खारिज कर दिया गया।
दोनों महासचिवों ने देउबा से न केवल शीर्ष पद छोड़ने, बल्कि आगामी संसदीय चुनाव न लड़ने का भी आग्रह किया था। उनका तर्क था कि सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए देउबा को मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए।
नेपाल में कब होंगे आम चुनाव?
नेपाल में आम चुनाव 5 मार्च को प्रस्तावित हैं। ये चुनाव उस राजनीतिक संकट के बाद कराए जा रहे हैं, जो भ्रष्टाचार और इंटरनेट मीडिया पर प्रतिबंध के विरोध में जेन-जी समूह के नेतृत्व में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद पैदा हुआ था। हालात बिगड़ने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने 9 सितंबर को इस्तीफा दे दिया था।
इसके बाद 12 सितंबर को 73 वर्षीय सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। उनकी सिफारिश पर राष्ट्रपति ने प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया और 5 मार्च को आम चुनाव कराने की घोषणा की।
Comments are closed.