दिल्ली-NCR में घना कोहरा, शीत लहर से बढ़ी ठंड, जानें कब मिलेगी राहत

2

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को घने कोहरे और शीत लहर का असर साफ़ तौर पर देखने को मिला।

राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में सुबह के समय हालात ऐसे रहे मानो अंधेरा छाया हो। घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रही और वाहनों की रफ्तार थमी नजर आई।

मौसम विभाग ने 16 और 17 जनवरी के लिए घने कोहरे की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक ठंड का दौर जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए भी कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में पाले का असर भी देखने को मिला है। नोएडा और गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शीत लहर जारी रहने की संभावना है। 17 जनवरी के बाद ठंड में कुछ कमी आने के आसार हैं। वहीं बिहार और उत्तर-पश्चिम भारत में एक हफ्ते तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले तीन दिनों में तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और रायलसीमा क्षेत्रों में उत्तर-पूर्वी मानसून के प्रभाव से बारिश हो सकती है।

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में सुबह घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के कई हिस्सों में कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में 16 जनवरी से सर्दी में हल्की राहत मिल सकती है। न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि सुबह और शाम के समय कोहरा बना रहेगा, लेकिन दोपहर में धूप खिलने की संभावना है।

सुबह के वक्त कोहरा बेहद घना रहने के कारण मौसम विभाग ने लो विजिबिलिटी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया। सेंट्रल दिल्ली, शाहदरा, पश्चिमी दिल्ली, अक्षरधाम, आईटीओ और पालम एयरपोर्ट समेत कई इलाकों में कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे यातायात धीमा हो गया। विभाग ने चेतावनी दी है कि मेट्रो, एयरपोर्ट, रेलवे ट्रैक और हाईवे पर कोहरा यात्रियों के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।

वायु प्रदूषण की स्थिति अब भी गंभीर

दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में बना हुआ है।
आनंद विहार – 354
आईटीओ – 383
आईजीआई एयरपोर्ट – 328
आया नगर – 310
मुंडका – 385
पंजाबी बाग – 388
ओखला – 384
नरेला – 349

Comments are closed.