कनाडा में इमिग्रेशन धोखाधड़ी पर सख्ती, फर्जी वीजा एजेंटों को 15 लाख डॉलर तक की सजा

2

कनाडा में फर्जी इमिग्रेशन एजेंटों पर सरकार का शिकंजा, धोखाधड़ी करने पर 15 लाख डॉलर तक जुर्माना

कनाडा सरकार ने इमिग्रेशन और नागरिकता के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। नए नियमों के तहत बिना अनुमति इमिग्रेशन संबंधी सलाह देने, आवेदकों को गुमराह करने और गलत जानकारी के आधार पर आवेदन कराने वाले प्रतिनिधियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इन नियमों के तहत अलग-अलग उल्लंघनों के लिए जुर्माने की राशि तय की गई है, जो सभी उल्लंघनों को मिलाकर अधिकतम 15 लाख कनाडाई डॉलर तक पहुंच सकती है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य विदेशी आवेदकों को ठगी और शोषण से बचाना है।

28 अक्टूबर से लागू हुए नए नियम
इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि नए जुर्माने 28 अक्टूबर से प्रभावी हो गए हैं। इन नियमों के दायरे में लाइसेंस प्राप्त इमिग्रेशन सलाहकार, वकील और अन्य अधिकृत प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके अलावा, बिना जरूरी अनुमति के पैसे लेकर इमिग्रेशन या नागरिकता से जुड़ी सेवाएं देने वाले लोग भी इनके दायरे में आएंगे।

किस गलती पर कितना लगेगा जुर्माना?
नई व्यवस्था के तहत उल्लंघन के हिसाब से जुर्माने की रकम तय की गई है।

बिना अधिकृत हुए पैसे लेकर इमिग्रेशन या नागरिकता संबंधी सलाह देने अथवा प्रतिनिधित्व करने पर 5,000 कनाडाई डॉलर तक का जुर्माना लगेगा।

आवेदक की ओर से जानबूझकर गलत या भ्रामक जानकारी देने अथवा ऐसी जानकारी जमा कराने में मदद करने पर 15,000 कनाडाई डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

यदि गलत या भ्रामक जानकारी के आधार पर आवेदन मंजूर हो जाता है, तो अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की रकम बढ़ सकती है। सभी उल्लंघनों को मिलाकर अधिकतम जुर्माना 15 लाख कनाडाई डॉलर तक हो सकता है।

दोषियों के नाम भी किए जाएंगे सार्वजनिक
कनाडा सरकार ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए दंडित किए गए लोगों के नाम और उनके उल्लंघनों का विवरण सार्वजनिक करने का फैसला किया है। IRCC के मुताबिक, पहला जुर्माना लगाए जाने के बाद 2027 में एक ऑनलाइन रजिस्ट्री शुरू किए जाने की उम्मीद है।

इस रजिस्ट्री के माध्यम से कनाडा में बसने या नागरिकता हासिल करने की तैयारी कर रहे लोग किसी इमिग्रेशन प्रतिनिधि को नियुक्त करने से पहले उसका रिकॉर्ड जांच सकेंगे। इससे आवेदकों को यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि संबंधित एजेंट या सलाहकार पहले किसी नियम के उल्लंघन में शामिल रहा है या नहीं।

एजेंट नियुक्त करने से पहले करें जांच
सरकार ने कनाडा का वीजा या नागरिकता हासिल करने के इच्छुक लोगों को सलाह दी है कि किसी भी प्रतिनिधि को काम सौंपने या भुगतान करने से पहले उसकी अधिकृत स्थिति की पुष्टि जरूर करें। आवेदक IRCC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों के जरिए जांच सकते हैं कि संबंधित व्यक्ति को पैसे लेकर इमिग्रेशन सेवाएं देने की अनुमति है या नहीं।

सरकार का यह कदम उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है जो कनाडा में पढ़ाई, नौकरी, स्थायी निवास (PR) या नागरिकता के लिए आवेदन करना चाहते हैं। नए नियमों से फर्जी एजेंटों और अनधिकृत सलाहकारों पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।

Comments are closed.