भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
FSSAI ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। खाद्य परिसर के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में कंपनी का अनुपालन स्कोर महज 30 प्रतिशत पाया गया।
रसोई और खाद्य तैयार करने वाले क्षेत्रों में पानी जमा होने, दुर्गंध, गंदगी और साफ-सफाई की कमी जैसी समस्याएं मिलीं। निरीक्षण टीम को टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू समेत कई खाद्य पदार्थ खराब हालत में मिले। इनमें फफूंद भी पाई गई।
इसके अलावा सड़ी हुई शिमला मिर्च और खराब हो चुका खाद्य तेल भी बरामद हुआ। खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था में भी कई गंभीर कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान परिसर में कॉकरोच और मक्खियां भी मिलीं। इससे वहां की कीट नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल उठे। अधिकारियों के मुताबिक, स्वच्छता संबंधी नियमों के साथ-साथ रिकॉर्ड के रखरखाव और पानी की जांच से जुड़े निर्धारित मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
Comments are closed.