अमेरिकी सेना में जनरल-अडमिरल के पदों में 20% कटौती, रोबोटिक युद्ध क्षमता पर जोर

4

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने बुधवार को अमेरिकी सेना में जनरल और एडमिरल के पदों में 20 प्रतिशत कटौती की घोषणा की।

उन्होंने वर्जीनिया स्थित मरीन कॉर्प्स बेस क्वांटिको में ‘स्टेट ऑफ द फोर्स’ संबोधन के दौरान यह ऐलान किया। हेगसेथ ने सभी सैन्य सेवाओं को पिछले साल जारी 10 प्रतिशत कटौती के आदेश को बढ़ाकर कुल 20 प्रतिशत करने का निर्देश दिया है। यह कटौती करीब 800 फ्लैग और जनरल ऑफिसर पदों पर लागू होगी और इसे 1 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

रक्षा सचिव ने इस कदम को जवाबदेही बढ़ाने और लंबे समय से लंबित बदलावों को लागू करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया। इसके साथ ही उन्होंने स्वायत्त और रोबोटिक सैन्य क्षमताओं के विस्तार के लिए एक नए चार-स्टार कमांड के गठन की घोषणा की।

हेगसेथ ने इसे अमेरिकी सैन्य इतिहास में शांतिकाल के दौरान होने वाले सबसे तेज बदलावों में से एक बताया। यह फैसला ट्रंप प्रशासन द्वारा सैन्य नेतृत्व और ढांचे में किए जा रहे व्यापक बदलावों का हिस्सा है। हेगसेथ इससे पहले भी उच्च रैंकिंग वाले सैन्य अधिकारियों की संख्या कम करने के निर्देश दे चुके हैं।

हालांकि, कुछ सांसदों ने इस फैसले पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व में इतनी बड़ी कटौती के बाद खाली पदों और नेतृत्व संरचना को दोबारा तैयार करने में वर्षों लग सकते हैं।

अपने संबोधन में हेगसेथ ने अमेरिकी सेना में ‘वोक’ संस्कृति को खत्म करने और सैन्य बलों की युद्धक क्षमता को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

Comments are closed.