गाजा सिटी में इजरायली सेना का अभियान तेज, टैंकों की एंट्री; हमास के साथ सीधा संघर्ष जारी

3

इजरायल ने गाजा पट्टी के सबसे बड़े शहर गाजा सिटी पर कब्जे का अभियान शुरू कर दिया है।

मंगलवार-बुधवार की रात इजरायली टैंक शहर की सीमा में दाखिल हुए और गोलाबारी शुरू कर दी, जिससे कई खाली घर ढह गए। कई स्थानों पर सेना का हमास लड़ाकों से सीधा मुकाबला चल रहा है।

भीषण जमीनी लड़ाई

एएनआई के अनुसार, इजरायली सेना की गीवाती ब्रिगेड और हमास के बीच जोरदार भिड़ंत हो रही है। इस कार्रवाई में इजरायली सेना ने हमास की टुकड़ी को भारी नुकसान पहुंचाया और उसके कई शस्त्रागार तबाह कर दिए। इजरायली वायुसेना की बमबारी में हमास कमांडर महमूद अल-असौद मारा गया।

गाजा सिटी पर कब्जे की योजना

करीब 22 महीने से जारी संघर्ष के बावजूद अब तक इजरायल गाजा सिटी पर नियंत्रण नहीं कर पाया था। इसी महीने इजरायली सरकार ने घोषणा की थी कि वह हमास के गढ़ गाजा सिटी पर जमीनी कार्रवाई कर स्थायी कब्जा करेगी। इस योजना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई है और कई देशों ने इसके गंभीर नतीजों की चेतावनी दी थी।

विस्थापन और मानवीय संकट

इजरायली सेना फिलहाल गाजा सिटी के सीमावर्ती इलाके एबाद-अलरहमन में अभियान चला रही है। यहां के ज्यादातर लोग पहले ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं। आईडीएफ (इजरायल डिफेंस फोर्स) ने नागरिकों से शहर खाली करने की अपील की है और विस्थापितों के लिए अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है। फलस्तीनी और संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने लगभग 15 लाख टेंटों की ज़रूरत जताई है।

हवाई हमले और धार्मिक संस्थानों की चिंता

जमीनी कार्रवाई के साथ-साथ इजरायली विमानों की बमबारी भी जारी है। गाजा सिटी के अलावा जबालिया शरणार्थी क्षेत्र को भी निशाना बनाया गया है। ग्रीक ऑर्थोडॉक्स और लैटिन पैट्रिआर्चेट ने घोषणा की है कि उनके चर्च और सेवक शहर छोड़कर नहीं जाएंगे, भले ही लड़ाई तेज क्यों न हो।

सीरिया में भी हमला

इसी बीच इजरायल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क के पास ड्रोन हमला किया, जिसमें छह सीरियाई सैनिक मारे गए और कई घायल हुए। यह जानकारी सरकारी अखबार अल-इखबारिया ने दी।

Comments are closed.