कोटा श्रीनिवास राव का हैदराबाद में निधन, तेलुगू सिनेमा ने खोया दिग्गज अभिनेता और पूर्व राजनेता

5

तेलुगू सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की उम्र में निधन

तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध अभिनेता और पूर्व राजनेता कोटा श्रीनिवास राव का रविवार सुबह 4 बजे हैदराबाद स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से न सिर्फ तेलुगू सिनेमा, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

10 जुलाई 1942 को आंध्र प्रदेश के कांकीपाडु में जन्मे कोटा श्रीनिवास राव एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता सीता राम अंजनेयुलु पेशे से डॉक्टर थे। कोटा ने भी शुरुआत में चिकित्सा क्षेत्र में जाने की योजना बनाई थी, लेकिन थिएटर और अभिनय के प्रति उनका लगाव उन्हें इस राह पर ले आया। विज्ञान में स्नातक डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने कॉलेज के दिनों में थिएटर में सक्रिय रूप से भाग लिया और स्टेट बैंक में नौकरी करते हुए भी इस जुनून को जारी रखा।

बीते वर्षों में उनकी मृत्यु को लेकर अफवाहें भी फैल चुकी थीं, जिनका उन्होंने खुद खंडन किया था। उस समय कोटा ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि अफवाह फैलाने वाले लोगों को किसी की जिंदगी से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि इस तरह की झूठी खबरें न केवल परेशान करती हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती हैं, खासकर बुजुर्गों के लिए।

अपनी चार दशक लंबी करियर में कोटा श्रीनिवास राव ने 700 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें अधिकतर में उन्होंने खलनायक की भूमिकाएं निभाकर दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने 1978 में ‘प्रणाम खरीदु’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। वह 1990 के दशक में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े और 1999 में विजयवाड़ा ईस्ट विधानसभा सीट से विधायक चुने गए।

कोटा श्रीनिवास राव का निधन भारतीय कला, संस्कृति और सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को सिनेमा और राजनीति दोनों ही क्षेत्रों में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Comments are closed.