त्रिपुरा में प्रेम बना मौत की वजह, युवक की हत्या कर आइसक्रीम फ्रीजर में छिपाया शव

1

त्रिपुरा: प्रेम संबंध बना मौत की वजह, युवक की हत्या कर शव को आइसक्रीम फ्रीजर में छिपाया गया।

त्रिपुरा के अगरतला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंधों को लेकर एक 26 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को एक आइसक्रीम फ्रीजर में छिपा दिया गया। यह वारदात पश्चिम त्रिपुरा जिले के दक्षिण इंदिरानगर इलाके में हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतक का एक 20 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध था। लेकिन युवती का चचेरा भाई इस रिश्ते से नाखुश था क्योंकि वह खुद युवती के करीब रहना चाहता था। हाल ही में प्रेमी-प्रेमिका के बीच अनबन हुई, और इसका फायदा उठाकर चचेरे भाई ने युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

सुनियोजित साजिश और हत्या
पुलिस अधीक्षक किरण कुमार के मुताबिक, युवती ने अपने प्रेमी को 8 जून को अपने एक रिश्तेदार के घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद उसका चचेरा भाई और तीन अन्य लोगों ने मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर शव को ट्रॉली बैग में भरकर उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई।

शव को गंदाचेरा ले जाकर फ्रीजर में छिपाया
अगले दिन आरोपी युवक ने अपने माता-पिता को गंदाचेरा से अगरतला बुलाया और ट्रॉली बैग साथ ले जाने को कहा। माता-पिता जब कार से आए तो शव को अपने साथ गंदाचेरा ले गए और अपनी दुकान में मौजूद आइसक्रीम फ्रीजर में छिपा दिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक युवती का शारीरिक शोषण करना चाहता था, लेकिन प्रेमी के रहते उसे मौका नहीं मिल पा रहा था। इसीलिए उसने यह घिनौनी साजिश रची।

पुलिस ने कबूलनामे के बाद बरामद किया शव
जब मृतक के परिवार ने युवक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने जांच शुरू की और सबसे पहले युवती के चचेरे भाई को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद बुधवार को आइसक्रीम फ्रीजर से शव बरामद किया गया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

Comments are closed.