102 मंजिला एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर प्रेमी ने किया प्रपोज, फिर दोनों हुए गिरफ्तार

0

न्यूयॉर्क में खतरनाक स्टंट: एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी पर पहुंचा प्रेमी जोड़ा, सगाई के बाद गिरफ्तार

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक प्रेमी जोड़े का खतरनाक स्टंट चर्चा का विषय बन गया। बुधवार दोपहर दोनों बिना किसी सुरक्षा उपकरण के प्रतिष्ठित एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की ऊपरी चोटी तक पहुंच गए। वहां उन्होंने एक बड़ा बैनर लहराया और इसी दौरान सगाई भी की। हालांकि, नीचे उतरते ही पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

न्यूयॉर्क पुलिस ने आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय इवान कुजनेत्सोव और 33 वर्षीय एंजेलिना निकोलाऊ के रूप में की है। दोनों न्यू जर्सी के ईस्ट ऑरेंज के निवासी हैं और सोशल मीडिया पर ऊंची इमारतों व संरचनाओं पर बिना सुरक्षा उपकरण चढ़ने वाले वीडियो के लिए जाने जाते हैं।

चोटी पर लहराया शांति का संदेश
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों चेहरे पर मास्क लगाकर इमारत की चोटी तक पहुंच गए। वहां उन्होंने काले रंग का एक बड़ा बैनर लहराया, जिस पर सफेद अक्षरों में लिखा था, “जब प्यार की ताकत, ताकत के प्यार पर हावी हो जाएगी, तब दुनिया में शांति होगी।”

103वीं मंजिल से पहुंचे शिखर तक
पुलिस के शुरुआती अनुमान के अनुसार, दोनों 103वीं मंजिल पर मौजूद एक सर्विस डोर के जरिए ऊपर पहुंचे। इस रास्ते का उपयोग आमतौर पर रखरखाव कार्यों के लिए किया जाता है। वहीं से वे इमारत के शिखर तक पहुंचने में सफल रहे।

सगाई के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों ने इसी खतरनाक स्टंट के दौरान एक-दूसरे को प्रपोज कर सगाई की। नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ अवैध रूप से परिसर में प्रवेश, लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, स्थानीय नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक शांति भंग करने समेत कई आरोप लगाए गए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों प्रतिबंधित हिस्से तक कैसे पहुंचे।

Comments are closed.