त्विषा शर्मा केस में बड़ा एक्शन, पति समर्थ जबलपुर से गिरफ्तार; आज भोपाल कोर्ट में होगी पेशी, 7 दिन की रिमांड मांगेगी पुलिस
त्विषा शर्मा मौत मामले में फरार चल रहे आरोपी समर्थ सिंह को पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को हाई कोर्ट की सुनवाई के बाद वह जिला कोर्ट पहुंचा था, जहां उसने सरेंडर करने की कोशिश की, लेकिन अदालत ने समर्पण स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, भोपाल कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए जबलपुर हाई कोर्ट का रुख किया था। सुनवाई के दौरान उसने अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली, जिसके बाद अदालत ने उसे संबंधित थाना या जांच अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए।
कोर्ट के आदेश के बाद समर्थ सिंह जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचा और सीजेएम अदालत में सरेंडर की कोशिश की। हालांकि, कोर्ट ने यह कहते हुए आवेदन स्वीकार नहीं किया कि उसे भोपाल की सक्षम अदालत में पेश होना चाहिए। इसके बाद वह कुछ समय तक कोर्ट परिसर में मौजूद रहा।
सूचना मिलने पर भोपाल और जबलपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह कोर्ट परिसर के एक कमरे में छिपा हुआ था, जहां से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद जबलपुर पुलिस ने आरोपी को भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया।
SIT प्रमुख ACP रजनीश कश्यप ने बताया कि आरोपी को भोपाल लाया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ के लिए सात दिन की रिमांड मांग सकती है। मामले की जांच जारी है और पुलिस कई पहलुओं पर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
Comments are closed.