पश्चिम कालीमंतन में बड़ा हवाई हादसा, हेलीकॉप्टर गिरने से 8 लोगों की मौत

1

इंडोनेशिया के पश्चिम कालीमंतन प्रांत में एक हेलीकॉप्टर हादसे में उसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बचाव दल घने जंगलों में शवों और मलबे को निकालने में जुटे हैं।

इंडोनेशिया की बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद शफीई के मुताबिक, Airbus H130 हेलीकॉप्टर ने गुरुवार सुबह मेलावी के एक बागान क्षेत्र से उड़ान भरी थी, लेकिन महज पांच मिनट बाद ही उससे संपर्क टूट गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिस इलाके में हेलीकॉप्टर लापता हुआ, वह घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी भूभाग से घिरा है, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं। टीमों को घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर कुछ मलबा मिला है, जिसे हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा माना जा रहा है।

इस हादसे में छह यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे, और सभी की मौत हो चुकी है। सेना और पुलिस के जवानों के साथ बचाव दल जमीनी रास्तों से मौके तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर एक स्थानीय एविएशन कंपनी ‘मैथ्यू एयर नुसंतारा’ का था और जिस बागान क्षेत्र से उसने उड़ान भरी थी, वह पाम ऑयल कंपनी ‘चित्रा महकोटा’ के स्वामित्व में आता है।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

Comments are closed.