नासिक TCS केस में नया ट्विस्ट, आरोपी निदा खान ने प्रेग्नेंसी का हवाला देकर मांगी राहत

1

महाराष्ट्र के नासिक स्थित Tata Consultancy Services (TCS) दफ्तर से जुड़े कथित जबरन धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में नया मोड़ सामने आया है।

एचआर मैनेजर निदा खान, जो अब तक फरार बताई जा रही थी, की लोकेशन को लेकर परिवार ने दावा किया है कि वह मुंबई में है और गर्भवती है।

निदा खान ने नासिक की स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है। अपनी याचिका में उसने गर्भावस्था को राहत का प्रमुख आधार बताया है। पुलिस इन दावों की पुष्टि करने में जुटी है, जबकि विशेष जांच दल (SIT) उसे हिरासत में लेने के प्रयास जारी रखे हुए है।

इस मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें छह पुरुष कर्मचारी और एक महिला एचआर हेड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, टीसीएस के नासिक कार्यालय से जुड़ी नौ शिकायतों की जांच की जा रही है, जिनमें यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। साथ ही, एचआर विभाग ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर एक महिला कर्मचारी के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा, अन्य आरोपियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और अनुचित तरीके से छूने के आरोप भी लगे हैं।

गंभीर आरोपों में यह भी शामिल है कि एक कर्मचारी को जबरन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया और उसके धर्म का अपमान किया गया। पुलिस का कहना है कि शिकायतों पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े।

फिलहाल पुलिस और एसआईटी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई के बाद ही आगे की स्थिति साफ होगी।

Comments are closed.