ईरानी हमले से घायल अमेरिकी मेजर का बड़ा आरोप, कहा- सुरक्षा चूक को लेकर पहले ही किया था आगाह

1

कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत पर सवाल, घायल मेजर बोले- पहले ही दी थी चेतावनी

कुवैत में ईरान के ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हमले में घायल हुए अमेरिकी आर्मी मेजर स्टीफन रैम्सबाटम ने दावा किया है कि संभावित हमले के खतरे को लेकर पहले ही आगाह किया गया था, लेकिन सैन्य अधिकारियों ने उनकी चेतावनियों को अनदेखा कर दिया।

मेजर रैम्सबाटम ने इस मामले में अमेरिकी कांग्रेस की हाउस और सीनेट की सशस्त्र सेवा समितियों के पास व्हिसलब्लोअर शिकायत दर्ज कराई है। यह हमला 1 मार्च को कुवैत के पोर्ट शुआइबा स्थित अमेरिकी सैन्य कमांड पोस्ट पर हुआ था।

सैन्य ठिकाने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे

रैम्सबाटम के अनुसार, हमले के समय सैन्य पोस्ट पर सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भारी कमी थी। वहां कोई डॉक्टर तैनात नहीं था और न ही स्थायी चिकित्सा केंद्र उपलब्ध था। घायलों को निकालने के लिए केवल एक एंबुलेंस मौजूद थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सैन्य ठिकाने को कार बम जैसे जमीनी हमलों से बचाने की व्यवस्था तो की गई थी, लेकिन हवाई हमलों और ड्रोन के खतरे से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे।

दो बार अधिकारियों को दी थी ड्रोन हमले की चेतावनी

सीबीएस न्यूज को दिए इंटरव्यू में मेजर ने इस घटना को सेना और उसके नेतृत्व की गंभीर सामरिक नाकामी बताया। उनका दावा है कि उन्होंने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के लॉजिस्टिक्स प्रभारी मेजर जनरल जान हिंसन के सामने दो बार सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं उठाई थीं।

उन्होंने पोर्ट शुआइबा में ड्रोन रोधी प्रणाली तैनात करने की जरूरत पर भी जोर दिया था। इसके बावजूद सैन्य पोस्ट पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई। रैम्सबाटम का आरोप है कि समय रहते कदम उठाए जाते तो सैनिकों की सुरक्षा बेहतर हो सकती थी।

हमले में छह अमेरिकी जवानों की गई जान

ईरानी ड्रोन हमले में अमेरिकी सेना के छह जवान मारे गए थे। मृतकों में आर्मी रिजर्व कैप्टन कोडी खोरक (35), सार्जेंट फर्स्ट क्लास नोआ टिटजेंस (42), सार्जेंट फर्स्ट क्लास निकोल अमोर (39), सार्जेंट डेक्लन कोडी (20), मेजर जेफ्री ओब्रायन (45) और चीफ वारंट ऑफिसर थ्री रॉबर्ट मार्जन (54) शामिल थे।

रक्षा मंत्री के दावे और मेजर की शिकायत में विरोधाभास

हमले के अगले दिन अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा था कि सैन्य पोस्ट सुरक्षित थी, लेकिन एक ड्रोन सुरक्षा घेरे को पार करने में सफल रहा। दूसरी ओर, रैम्सबाटम की शिकायत में दावा किया गया है कि ठिकाने पर एकतरफा हमले वाले ड्रोन से बचाव के लिए कोई विशेष व्यवस्था मौजूद नहीं थी।

इस मामले में कनेक्टिकट के डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने 15 नवंबर को रक्षा मंत्री हेगसेथ से जवाब मांगा। उन्होंने गोपनीय ब्रीफिंग के दौरान सैन्य ठिकाने की सुरक्षा व्यवस्था और हमले से जुड़े हालात का पूरा ब्योरा देने की मांग की है।

फिलहाल पेंटागन ने मेजर रैम्सबाटम की व्हिसलब्लोअर शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में इस घटना ने अमेरिकी सैन्य नेतृत्व की जवाबदेही और विदेशों में तैनात सैनिकों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Comments are closed.