ईरान-इजरायल तनाव के बीच दमिश्क के चर्च में आत्मघाती हमला, 20 की मौत, 50 से अधिक घायल
ईरान-इजरायल युद्ध की पृष्ठभूमि में सीरिया की राजधानी दमिश्क से एक बड़े आतंकी हमले की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दमिश्क के डुवैला इलाके में स्थित सेंट एलियास ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में रविवार को एक आत्मघाती हमलावर ने पहले श्रद्धालुओं पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। इस हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक घायल हुए हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के तुरंत बाद सीरियाई सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और चर्च के आसपास कड़ी सुरक्षा तैनात कर दी गई है। मौके पर राहत और बचाव दल सक्रिय हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
सीरिया के गृह मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि इस भीषण आत्मघाती हमले को आतंकवादी संगठन ISIS से जुड़े एक हमलावर ने अंजाम दिया। मंत्रालय के मुताबिक, हमलावर चर्च के भीतर भीड़ में घुसा और अंधाधुंध गोलीबारी करने के बाद खुद को उड़ा लिया।
हमले के बाद चर्च परिसर में अफरातफरी मच गई। कई श्रद्धालुओं के सामान इधर-उधर बिखरे मिले। घटनास्थल की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें चारों ओर तबाही का मंजर देखा जा सकता है।
गौरतलब है कि दमिश्क, जो सीरिया की राजधानी है, वहां इस प्रकार का बड़ा हमला सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक गंभीर चुनौती माना जा रहा है।
Comments are closed.