जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। 7.1 तीव्रता के इस भूकंप में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग अब भी लापता हैं।
राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। रॉयटर्स के अनुसार, भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। हालांकि, भूकंप के तेज झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई जगहों पर बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने बुधवार सुबह बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के प्रभावित इलाकों में रातभर राहत और बचाव अभियान जारी रहा। उन्होंने कहा कि कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, लेकिन कुछ लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
मंगलवार देर दोपहर दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं। सार्वजनिक प्रसारक NHK के मुताबिक, यात्सुशिरो शहर में एक पुल का पैदल मार्ग ढह गया, जबकि क्यूशू एक्सप्रेसवे पर बने एक हाईवे ओवरपास को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
प्रधानमंत्री तकाइची ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि उसी तीव्रता का एक और भूकंप आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों में लगातार स्थिति का आकलन कर रही हैं और बचाव अभियान जारी है।
Comments are closed.