फिलीपींस में टूरिस्ट स्पॉट के पास फेरी में भीषण आग, 5 की मौत; 87 लोग लापता

0

फिलीपींस के पलावन प्रांत के पास बुधवार शाम एक फेरी में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

हादसा पलावन के प्रमुख पर्यटन स्थलों के पास समुद्र में हुआ, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। पलावन फिलीपींस के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां एल निडो और पुएर्टो प्रिंसेसा सबटेरियन रिवर जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

फिलीपींस कोस्ट गार्ड के मुताबिक, एम/वी जून एस्टर फेरी में बुधवार शाम तट से करीब 2.2 किलोमीटर दूर आग लगी। हादसे के बाद पांच शव बरामद कर किनारे लाए जा चुके हैं। कोस्ट गार्ड की ओर से जारी वीडियो में फेरी को पूरी तरह आग की लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है।

कोस्ट गार्ड की कैप्टन नोएमी कायाब्याब ने बताया कि जहाज के मैनिफेस्ट के अनुसार फेरी पर कुल 134 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। बचाव दल अब तक 42 लोगों को सुरक्षित निकाल चुका है, जिनमें 38 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार 87 लोग लापता हैं। हालांकि, यह आंकड़ा लगातार बदल रहा है और बचाव अभियान जारी रहने के साथ इसमें बदलाव संभव है। अधिकारियों ने लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया है।

Comments are closed.