दिल्ली: तुर्कमान गेट में अवैध अतिक्रमण हटाने पहुँची MCD, पथराव के बाद हालात बिगड़े, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आधी रात को शुरू की गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
दिल्ली नगर निगम (MCD) की यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर की गई, जिसमें मस्जिद से सटे अवैध ढांचों को गैरकानूनी घोषित किया गया था। हालांकि मूल योजना के मुताबिक कार्रवाई सुबह 8 बजे शुरू होनी थी, लेकिन इसे तड़के करीब 1:30 बजे ही शुरू कर दिया गया। जैसे ही बुलडोजर चले, इलाके में विरोध शुरू हो गया और कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
5 लोग हिरासत में, 100 से ज्यादा फुटेज खंगाल रही पुलिस
फैज-ए-इलाही मस्जिद मामले में पुलिस ने अब तक 5 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के पास उपद्रव से जुड़े 100 से ज्यादा वीडियो फुटेज हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने बॉडी कैमरा पहना हुआ था, जिससे कई लोगों की पहचान हुई है। इसके अलावा ड्रोन और अन्य कैमरों से भी रिकॉर्डिंग की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, पथराव में शामिल लोगों की संख्या 25–30 के बीच थी। घायलों के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
मस्जिद की जमीन सुरक्षित, बाकी अवैध ढांचे गिराए गए
कार्रवाई के दौरान फैज-ए-इलाही मस्जिद की 0.195 एकड़ जमीन को छोड़कर बाकी सभी अवैध निर्माण गिरा दिए गए। इनमें लाइब्रेरी, डिस्पेंसरी और बैंक्वेट हॉल शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, अवैध रूप से चल रहे बैंक्वेट हॉल की बुकिंग एक लाख रुपये तक में की जाती थी, जिससे बड़े पैमाने पर व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं।
भारी पुलिस बल और मशीनरी तैनात
कार्रवाई के लिए 10 से 17 बुलडोजर और जेसीबी मशीनें लगाई गईं, जबकि मलबा हटाने के लिए 70 से ज्यादा डंपर तैनात किए गए।
MCD के 150 से अधिक कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। सुरक्षा के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस के करीब 1000 जवान, 9 जिलों के DCP रैंक के अधिकारी और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टीमें भी तैनात की गईं।
ड्रोन से निगरानी, इलाके में बैरिकेडिंग
मस्जिद की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही थी। विरोध के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और पथराव किया, जिससे धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए नियंत्रित बल प्रयोग किया।
पुलिस: हालात अब नियंत्रण में
ज्वाइंट सीपी मधुर वर्मा ने कहा,
“यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई है। उपद्रवियों की पहचान फुटेज के जरिए की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ज्यादातर उपद्रवी बाहरी थे, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस के मुताबिक स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और कार्रवाई समाप्त हो चुकी है। फिलहाल इलाके में BNSS की धारा 164 लागू है। रामलीला मैदान की ओर जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं, हालांकि सुबह 11 बजे के बाद ट्रैफिक में आंशिक छूट दी जा सकती है।
यह कार्रवाई पुरानी दिल्ली के संवेदनशील इलाके में हुई, जहां पहले भी अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं।
Comments are closed.