सोने की शुद्धता पर नया सवाल! चीन के ‘रेनियम पाउडर’ से 24 कैरेट गोल्ड भी हो रहा पास, हॉलमार्किंग पर उठे सवाल
सोने में मिलावट का नया तरीका आया सामने, चीन के रेनियम पाउडर से बढ़ाया जा रहा वजन; हॉलमार्किंग पर भी सवाल
भारत में सोने की शुद्धता को लेकर एक नया मामला सामने आया है। चीन से आयात किए जा रहे रेनियम पाउडर का इस्तेमाल कथित तौर पर सोने में मिलावट के लिए किया जा रहा है। इस पाउडर को सोने में मिलाने से उसका कुल वजन बढ़ जाता है। हैरानी की बात यह है कि कुछ मामलों में मिलावट के बावजूद सोना सामान्य जांच और हॉलमार्किंग प्रक्रिया में 24 कैरेट तक की शुद्धता के रूप में पास हो गया।
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस तरीके से तैयार किए गए सोने के आभूषण बाजार में बेचे जा रहे हैं। इससे सोने की गुणवत्ता जांचने वाली मशीनों और देश की हॉलमार्किंग व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
चीन से भारत पहुंच रहा रेनियम पाउडर
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के शेनझेन में मौजूद एक एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर का उत्पादन करती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर काम कर रहे हैं। इस पाउडर का इस्तेमाल सोने का वजन बढ़ाने के लिए किए जाने की बात सामने आई है।
बताया गया कि एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया। इसके बाद मिश्रण का कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया। जांच के दौरान इस मिश्रण को 24 कैरेट सोने के तौर पर पहचान लिया गया।
मिलावट के बावजूद 22 कैरेट की हॉलमार्किंग
रिपोर्ट में बताया गया कि इसके बाद ज्वेलर ने मिश्रण में एक अन्य धातु मिलाकर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया। हैरानी की बात यह रही कि हॉलमार्किंग सेंटर में भी इस आभूषण को 22 कैरेट सोने के रूप में प्रमाणित कर दिया गया।
हालांकि, विस्तृत जांच में इसकी वास्तविक सोने की मात्रा महज 81.73 प्रतिशत पाई गई। यह शुद्धता लगभग 20 कैरेट के बराबर बैठती है, जबकि आभूषण को 22 कैरेट बताकर प्रमाणित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मिलावट वाले आभूषण कई ज्वेलरी शोरूम और परीक्षण केंद्रों की जांच में भी पास हो गए।
हॉलमार्किंग व्यवस्था की निगरानी पर सवाल
इस मामले के सामने आने के बाद भारतीय हॉलमार्किंग प्रणाली की निगरानी और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में पंजीकृत ज्वैलर्स में से 81 प्रतिशत का निरीक्षण नहीं किया गया था।
इस आंकड़े ने सोने की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जा रही निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यदि सामान्य परीक्षण में इस तरह की मिलावट पकड़ में नहीं आती, तो ग्राहकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मिलावट पकड़ने के लिए आधुनिक तकनीक की जरूरत
विशेषज्ञों का मानना है कि रेनियम जैसी धातुओं की मिलावट का पता लगाने के लिए पारंपरिक जांच के अलावा अधिक उन्नत तकनीकों की जरूरत है। इसके लिए एक्स-रे फ्लोरेसेंस (XRF) परीक्षण और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी तकनीकों का इस्तेमाल महत्वपूर्ण हो सकता है।
वहीं, ग्राहकों को सोना खरीदते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हमेशा विश्वसनीय ज्वेलर से हॉलमार्क वाला आभूषण खरीदें। खरीदारी के समय पक्का बिल और जीएसटी इनवॉइस जरूर लें तथा उसकी रसीद सुरक्षित रखें।
Comments are closed.