ठंड-कोहरे के बीच प्रदूषण का कहर, दिल्ली-नोएडा के साथ देहरादून की हवा भी ‘गंभीर’

2

दिल्ली-एनसीआर की हवा में घुला ज़हर एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।

शनिवार सुबह 6 बजे राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। कुछ क्षेत्रों में AQI 400 के पार पहुंच चुका है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक माना जाता है।

दिल्ली के विवेक विहार में AQI सबसे अधिक 424 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा आनंद विहार (410), जहांगीरपुरी (417), नरेला (413), रोहिणी (410), बवाना (404) और डीटीयू क्षेत्र (404) में भी प्रदूषण का स्तर बेहद खराब बना हुआ है। वहीं, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर AQI 252 दर्ज किया गया, जो राजधानी में अपेक्षाकृत सबसे कम रहा, लेकिन यह भी स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता।

दिल्ली के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार सुबह AQI 178 दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में यह स्तर 60 से ऊपर रहा। साफ हवा की उम्मीद में पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे लोगों को वहां भी पूरी राहत नहीं मिल रही है।

कब सुधरेंगे हालात?
शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 353 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (AQEWS) के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक वायु गुणवत्ता के इसी श्रेणी में बने रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

डॉक्टरों का कहना है कि इस स्तर के प्रदूषण में लंबे समय तक बाहर रहना खतरनाक हो सकता है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस की बीमारियों से ग्रस्त लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है। खांसी, आंखों में जलन या सांस लेने में तकलीफ महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है।

मौसम की भूमिका
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल हवा की औसत गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम बनी हुई है, जिससे प्रदूषक तत्वों का फैलाव नहीं हो पा रहा। विभाग ने दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।

ठंड, कोहरा और प्रदूषण के कारण दिल्ली-एनसीआर के लोग इस समय मौसम के ‘ट्रिपल अटैक’ का सामना कर रहे हैं। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 से 28 दिसंबर के बीच क्षेत्र में मध्यम स्तर का कोहरा बना रह सकता है। इस दौरान आर्द्रता 90 से 95 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिससे कोहरा और स्मॉग और घना हो सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन हालात सामान्य से काफी दूर बने हुए हैं।

Comments are closed.