बांग्लादेश में कट्टरपंथी हिंसा का निशाना कलाकार, सिंगर जेम्स का फरीदपुर कॉन्सर्ट रद्द

3

बांग्लादेश में कलाकारों, परफॉर्मर्स और सांस्कृतिक संस्थानों पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

ताजा मामला ढाका से करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित फ़रीदपुर का है, जहां मशहूर सिंगर जेम्स का कॉन्सर्ट हिंसा के चलते रद्द करना पड़ा। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह कार्यक्रम शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक स्कूल की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही एक समूह ने जबरन आयोजन स्थल में घुसने की कोशिश की और भीड़ पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। चश्मदीदों का कहना है कि छात्रों ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ते देख स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कॉन्सर्ट रद्द करने का फैसला लिया।

तस्लीमा नसरीन का बयान
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लेखिका तस्लीमा नसरीन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि “जिहादियों ने जेम्स को परफॉर्म नहीं करने दिया।” उन्होंने इसे बांग्लादेश में कला और संस्कृति पर बढ़ते हमलों का एक और उदाहरण बताया।

बढ़ती हिंसा पर सवाल
हाल के दिनों में बांग्लादेश के कई हिस्सों में कट्टरपंथी और उग्र भीड़ों की गतिविधियां बढ़ने के आरोप लग रहे हैं। कलाकारों, पत्रकारों और मीडिया संस्थानों पर हमलों की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सांस्कृतिक संस्थान भी निशाने पर
इससे पहले भी देश के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संगठनों — छायानट और उदिची — पर हमले हो चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते कलाकारों और सांस्कृतिक संगठनों में असुरक्षा का माहौल है।

अंतरिम सरकार पर आरोप
आलोचकों का आरोप है कि मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार कट्टरपंथी भीड़ों पर नियंत्रण पाने में विफल रही है। कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का यह भी दावा है कि हिंसा और आगजनी की घटनाएं जानबूझकर बढ़ने दी जा रही हैं, ताकि फरवरी में प्रस्तावित चुनावों को टाला जा सके।

Comments are closed.