राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज करेंगी गोपबंधु दास की प्रतिमा का अनावरण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को नई दिल्ली के मूलचंद स्थित लाजपत भवन में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक और लोक सेवक मंडल के पूर्व अध्यक्ष रहे उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है।
लोक सेवक मंडल देश की एक प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था है, जिसकी स्थापना महान स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय ने समाज के गरीब, वंचित, अशिक्षित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के उद्देश्य से की थी। संस्था ने वर्षों से शिक्षा, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
संस्था के अनुसार, संसद भवन के अलावा दिल्ली में गोपबंधु दास की यह पहली प्रतिमा होगी। लाला लाजपत राय के आग्रह पर गोपबंधु दास लोक सेवक मंडल से जुड़े थे और उन्होंने संस्था के माध्यम से समाज सेवा तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई दिशा दी।
समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे गोपबंधु दास
9 अक्टूबर 1877 को ओडिशा में जन्मे गोपबंधु दास देश के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों, समाज सुधारकों, शिक्षाविदों और पत्रकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, अनाथों और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
निस्वार्थ सेवा, त्याग और जनकल्याण के प्रति उनके समर्पण के कारण उन्हें ‘उत्कलमणि’, यानी ‘ओडिशा का रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकसेवा और मानवता के मूल्यों का प्रेरणादायक उदाहरण माना जाता है।
लोक सेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने बताया कि गोपबंधु दास की प्रतिमा स्थापित करने का उद्देश्य उनके राष्ट्रसेवा, सामाजिक समर्पण और लोककल्याण के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा समाज को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
Comments are closed.