बिसलेरी के पैक्ड पानी पर FSSAI की बड़ी कार्रवाई, नमूनों में तय सीमा से ज्यादा हानिकारक तत्व मिलने का आरोप
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ कर दिया है। रविवार को नियामक ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी। यह मामला कंपनी के पैक्ड पानी के नमूनों में निर्धारित मानकों से अधिक रासायनिक तत्व पाए जाने से जुड़ा है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, FSSAI की जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूनों में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद नमूनों को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं मानते हुए असुरक्षित घोषित किया गया। नियामक ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन की अनुमति दी है।
पेय पदार्थ कंपनियां भी नियामक की जांच के दायरे में
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब FSSAI विभिन्न पेय पदार्थ कंपनियों के उत्पादों और उनके वर्गीकरण की जांच कर रहा है। इसी क्रम में रेड बुल के साथ एनर्जी ड्रिंक की श्रेणी को लेकर विवाद भी सामने आया है। नियामक का मानना है कि कुछ पेय पदार्थों में चीनी की अधिक मात्रा होने के बावजूद उन्हें एनर्जी ड्रिंक के रूप में पेश करना उपभोक्ताओं के बीच भ्रम पैदा कर सकता है।
एनर्जी ड्रिंक के लेबल पर भी विवाद
जून में FSSAI ने कुछ कंपनियों द्वारा अपने उत्पादों पर एनर्जी ड्रिंक का लेबल इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई थी। नियामक के अनुसार, इस तरह की ब्रांडिंग से उपभोक्ता उत्पादों की प्रकृति और पोषण संबंधी जानकारी को लेकर भ्रमित हो सकते हैं। इससे ऐसे पेय पदार्थों का अत्यधिक सेवन भी बढ़ सकता है।
इस फैसले को रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर सहित कई कंपनियों ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। कंपनियों का कहना है कि नियामक ने उन्हें पहले पर्याप्त सूचना दिए बिना प्रतिबंधात्मक निर्देश जारी किए।
रेड बुल को अदालत से मिली अंतरिम राहत
इस मामले में रेड बुल को दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है, जिसके तहत कंपनी को फिलहाल अपने उत्पाद पर एनर्जी ड्रिंक लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की अनुमति दी गई है। दूसरी कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे मौजूदा स्टॉक समाप्त होने के बाद इस वर्गीकरण का इस्तेमाल बंद करें।
FSSAI ने रेड बुल को मिली राहत के खिलाफ भी अदालत का रुख किया है। नियामक का तर्क है कि इस छूट से कंपनी को बाजार में अपने प्रतिस्पर्धियों की तुलना में अनुचित व्यावसायिक लाभ मिल सकता है। इस मामले की अगली सुनवाई जनवरी में निर्धारित है।
Comments are closed.