लीबिया में रूसी युद्धपोत पर यूक्रेनी ड्रोन हमले का दावा, धमाके के बाद समुद्र में पलटा जहाज
लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े एक रूसी नौसैनिक जहाज को संदिग्ध यूक्रेनी समुद्री ड्रोनों ने निशाना बनाया। हमले के बाद जहाज पर जोरदार विस्फोट हुआ और भीषण आग लग गई। घटना में युद्धपोत को भारी नुकसान पहुंचा और वह आंशिक रूप से समुद्र में डूब गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमले का निशाना बना जहाज रूसी युद्धपोत ‘मर्करी’ था। यह जहाज मॉस्को और पूर्वी लीबिया के प्रशासन के बीच हुए सहयोग समझौते के तहत ईंधन और अन्य रसद सामग्री लेने के लिए बेनगाजी बंदरगाह पर पहुंचा था।
सैटेलाइट इमेजरी कंपनी वैंटोर की ओर से जारी तस्वीरों में जहाज का बड़ा हिस्सा पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। उसका केवल अगला हिस्सा समुद्र की सतह पर नजर आ रहा है। आसपास धुआं और मलबा भी देखा गया है।
पश्चिमी लीबिया से ड्रोन हमले का दावा
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि रूसी जहाज पर हमला करने वाले समुद्री ड्रोन पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों के एक ठिकाने से छोड़े गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, हमले के दौरान कम से कम चार ड्रोनों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन सीधे जहाज से टकराए। हालांकि, यूक्रेन और रूस दोनों ने अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
अल जजीरा की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से हमले में कुछ रूसी और लीबियाई नागरिकों के मारे जाने का दावा भी किया गया है। इसके अलावा, जहाज पर हथियार, गोला-बारूद और ड्रोन लदे होने की बात कही गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने तीन ड्रोनों को जहाज की ओर हमला करते देखने का दावा किया है। हालांकि, इन जानकारियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
लीबिया प्रशासन ने हमले की निंदा की
पूर्वी लीबिया प्रशासन ने बताया कि जहाज में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। घटना की वास्तविक वजह और हमले के स्रोत का पता लगाने के लिए रूस के साथ संयुक्त जांच शुरू की गई है।
प्रशासन ने इस घटना को लीबिया की संप्रभुता का उल्लंघन और समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया। उसने स्पष्ट किया कि देश के बंदरगाहों और समुद्री क्षेत्र का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का हिसाब चुकता करने के लिए नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही कहा गया कि लीबिया रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का हिस्सा नहीं है।
इसी दौरान रविवार शाम बेनगाजी के तट के पास माल्टा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज पर भी समुद्री ड्रोन से हमले की खबर सामने आई। पूर्वी प्रशासन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस घटना में घायल चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अलमसार टेलीविजन की रिपोर्ट के मुताबिक, नौसेना और वायु सेना ने भूमध्यसागरीय तट के पास कम से कम 12 अन्य समुद्री ड्रोनों को भी नष्ट किया। दूसरी ओर, पश्चिमी लीबिया की सरकार ने भी देश के बंदरगाहों और नागरिक ठिकानों को बाहरी संघर्षों का केंद्र बनाने की कोशिशों पर चिंता जताई है।
लीबिया में यूक्रेनी सैन्य मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज
इस हमले के बाद पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी सैन्य और खुफिया कर्मियों की कथित मौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अल जजीरा के अनुसार, सुरक्षा एवं रक्षा विशेषज्ञ तल्हा अब्दुल रजाक ने आशंका जताई कि इस कार्रवाई के पीछे यूक्रेनी खुफिया सेवाओं की भूमिका हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल के अंत में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों और त्रिपोली प्रशासन के बीच सैन्य एवं खुफिया सहयोग को लेकर समझौता हुआ था। इसके तहत यूक्रेन को पश्चिमी लीबिया में अपनी मौजूदगी स्थापित करनी थी, जबकि त्रिपोली प्रशासन को यूक्रेन की सैन्य विशेषज्ञता का लाभ मिलना था।
दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनों में बंटा है लीबिया
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में नाटो समर्थित विद्रोह के दौरान लंबे समय तक देश पर शासन करने वाले मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से हटा दिया गया था। इसके बाद से लीबिया राजनीतिक अस्थिरता का सामना कर रहा है और देश दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनों में बंटा हुआ है।
संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त सरकार पश्चिमी लीबिया के त्रिपोली में स्थित है, जबकि पूर्वी हिस्से में एक अलग प्रशासन का नियंत्रण है।
पूर्वी लीबिया सरकार के प्रमुख ओसामा हम्माद ने इस पूरे मामले की अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से यह पता लगाने का आग्रह किया है कि क्या रूसी युद्धपोत पर हमला करने वाले ड्रोन पश्चिमी लीबिया से संचालित किए गए थे। साथ ही उन्होंने देश में यूक्रेनी सैन्य विशेषज्ञों की कथित मौजूदगी से जुड़ी खबरों की भी जांच करने की अपील की है।
Comments are closed.