पाकिस्तान में बाढ़ का कहर: अब तक 299 लोगों की मौत, हजारों बेघर
पाकिस्तान इन दिनों बाढ़ की भीषण त्रासदी से जूझ रहा है। जून के अंत से शुरू हुई बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 299 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 140 बच्चे शामिल हैं। 700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
यह जानकारी पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने साझा की है। एजेंसी के मुताबिक, 26 जून से लगातार बारिश और बाढ़ ने देश के कई हिस्सों को प्रभावित किया है और बड़े पैमाने पर जन-धन की हानि हुई है।
घर और मवेशी भी तबाह
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1,676 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 562 पूरी तरह ढह गए, जबकि 1,114 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हैं। बाढ़ में 400 से अधिक मवेशियों की भी मौत हो चुकी है।
बचाव अभियान जारी
NDMA ने बताया कि अब तक 223 बचाव अभियान चलाए जा चुके हैं, जिनके जरिए 2,880 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। राहत सामग्री के तहत अब तक 2,000 टेंट, 958 कंबल, 569 रजाईयां, 613 गद्दे और 1,100 से अधिक फूड पैकेट्स वितरित किए जा चुके हैं।
खतरा अभी टला नहीं
बाढ़ का प्रभाव अभी भी कई इलाकों में जारी है। इस बीच पाकिस्तान के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 से 6 अगस्त के बीच उत्तरी क्षेत्रों में और बारिश हो सकती है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
Comments are closed.