सतना-चित्रकूट में बारिश बनी आफत, बांध टूटा और रामघाट पुल बहा; 26 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट

1

मध्य प्रदेश के सतना और चित्रकूट में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।

मंदाकिनी नदी का जलस्तर करीब 30 फीट तक पहुंच गया है। वहीं, गोरगी बांध टूटने से आसपास के कई क्षेत्रों में पानी घुस गया। चित्रकूट के रामघाट में करीब 300 मीटर लंबा पुल भी पानी के तेज बहाव में बह गया। घाट के किनारे मौजूद कई दुकानें भी जलमग्न हो गई हैं।

सतना में कई इलाके जलमग्न

सतना के नागौद, बिरसिंहपुर, मझगवां समेत कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। बिरसिंहपुर के कई मोहल्लों में कमर तक पानी भर गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान खराब हो गया, जबकि कई वाहन पानी में डूब गए हैं।

नागौद थाने और सिंहपुर चौराहे के पास पेट्रोल पंप तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। कोतवाली चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर पानी भरने के कारण आवागमन रोकना पड़ा है। कोटर, कोठी और अन्य निचले इलाकों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कोठी क्षेत्र में एक कच्चा मकान गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई। कई जगहों पर सड़कों पर पानी इतना ज्यादा है कि नावों की मदद लेनी पड़ रही है।

चित्रकूट में भी हालात गंभीर

चित्रकूट में बाढ़ के चलते सती अनुसुइया आश्रम समेत कई धार्मिक स्थलों तक जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से घाटों तथा निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। कई जगहों पर छतों पर फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया जा रहा है।

रेल यातायात पर भी असर

भारी जलभराव का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। चित्रकूट के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण दो ट्रेनें खड़ी रह गईं। सिग्नल ग्रीन होने के बावजूद जलभराव के चलते ट्रेनों को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भी कई स्थानों पर पानी भरने से परिचालन प्रभावित हुआ है।

अगले पांच दिनों तक बारिश से राहत नहीं

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कुछ इलाकों में तेज बारिश की भी संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ के प्रभाव से रीवा संभाग समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

प्रशासन ने निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। राहत और बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं।

26 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 30 अगस्त को 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है।

अलर्ट वाले क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना शामिल हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।

Comments are closed.