उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से जल्द राहत मिलने के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पंजाब-हरियाणा के ऊपर बनने वाला चक्रवाती परिसंचरण अगले दो-तीन दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
आईएमडी के मुताबिक 28 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होगा और 29 मई से उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इससे तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।
हालांकि मौसम बदलने से पहले मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में लू और भीषण लू का असर बना रहेगा। दिल्ली में बुधवार को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है, जो गुरुवार दोपहर तक प्रभावी रह सकता है। इसके बाद रात से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम तेजी से बदलने के आसार हैं। दोनों राज्यों के ऊपर बनने वाला चक्रवाती सिस्टम उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगा, जिससे तेज गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है।
बिहार और झारखंड में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी का असर अधिक देखने को मिलेगा। यहां तेज बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। वहीं राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल गर्मी चरम पर बनी हुई है। हालांकि 28 मई के बाद यहां भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून भी आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक पहुंच चुका है। हालांकि केरल में मानसून की दस्तक में थोड़ी देरी हुई है। आईएमडी ने पहले 26 मई तक मानसून केरल पहुंचने का अनुमान जताया था, लेकिन अब अगले दो से तीन दिनों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई जा रही हैं।
राजस्थान का सीमावर्ती जिला श्रीगंगानगर बुधवार को देश में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पिलानी में 47 डिग्री, बीकानेर में 46.6 डिग्री, चूरू में 46.5 डिग्री और जैसलमेर में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Comments are closed.