RCB vs PBKS Final, IPL 2025: RCB का 18 साल का ख्वाब पूरा, पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार जीता आईपीएल का खिताब
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल ट्रॉफी के 17 साल के इंतजार को खत्म कर दिया है.
बेंगलुरू ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबलें में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया. बेंगलुरु जब जीत के मुंहाने पर थी, विराट कोहली के आंखों में आंसू झलक आए. 18 साल, बेंगलुरु को अपने पहले खिताब के लिए 18 साल लगे हैं.
191 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही थी. लेकिन फिर विकेट गिरते गए और आखिर में पंजाब 7 विकेट के नुकसान पर 184 बनाने में ही सफल हुई. इस मुकाबले में क्रुणाल पांड्या का स्पैल काफी अहम रहा. जबकि मैच का 17वां ओवर फेंकने आए भुवनेश्वर कुमार ने तीन गेंद में नेहाल वढेरा और मार्कस स्टोइनिस का विकेट लेकर चीजें पूरी तरह से बदल दी. पंजाब के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज शशांक सिंह रहे, जिन्होंने 30 गेंदों मेें नाबाद 61 रनों की पारी खेली. जबकि जोश इंग्लिश ने 39 रन बनाए. बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या ने 2-2 विकेट झटके.
इससे पहले, आईपीएल 2025 के खिताबी मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 190 रन बनाए हैं और उन्होंने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य दिया है. बेंगलुरु के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली रहे, जिन्होंने 35 गेंदों में 43 रन बनाए. उनके अलावा रजत पाटीदार 26 रन बनाने में सफल हुए. बेंगलुरु के लिए आज कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया. पंजाब के लिए काइल जेमीसन और अर्शदीप सिंह ने 3-3 विकेट झटके.
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेइंग इलेवन: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेज़लवुड
पंजाब किंग्स प्लेइंग इलेवन: प्रियांश आर्य, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, काइल जैमीसन, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल