नए साल के जश्न के बीच ठंड और घने कोहरे ने देश के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है।
पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग की ओर से 31 दिसंबर के लिए जारी चेतावनी बिल्कुल सटीक साबित हो रही है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे धूप की एक किरण तक नजर नहीं आ रही। फिलहाल मौसम से राहत के आसार कम हैं। ऐसे में सवाल है कि 1 जनवरी को मौसम कैसा रहेगा।
सर्दी और कोहरा अभी बढ़ाएगा परेशानी
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के मुताबिक, उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में कोहरे का असर जारी रहेगा। IMD के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में 1 जनवरी का मौसम
दिल्ली-NCR में 1 जनवरी को हल्की से बहुत हल्की बारिश के साथ कड़ाके की ठंड रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर नए साल के जश्न के दौरान। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की जरूरत है।
कोहरे को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट
31 दिसंबर को उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। दिल्ली-NCR में देर रात और सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कश्मीर से झारखंड तक ठंड का असर
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है और अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं झारखंड के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
1 जनवरी 2026 का ताजा पूर्वानुमान
IMD के अनुसार, 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बिहार और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा।
Comments are closed.