दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड, उत्तराखंड में बर्फबारी के बीच कई राज्यों में बारिश के आसार आज

3

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है।

मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंडी हवाओं और बादलों का असर दिखेगा।

दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम सर्दी का असर महसूस किया जा रहा है। दिन में हल्की धूप निकलने के बावजूद शाम के समय तापमान गिर रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 5 नवंबर तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं, सुबह और रात में हल्का कोहरा भी देखा जा सकता है।

दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण
राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। अक्षरधाम और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, कई इलाकों में AQI 390 से ऊपर दर्ज किया गया है।

उत्तराखंड का मौसम
पर्वतीय इलाकों में ठंड के साथ बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है। IMD ने 4 और 5 नवंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश की संभावना
4 से 5 नवंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे पहाड़ी राज्यों में ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।

दक्षिण भारत में भी बरसेगा पानी
पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही, 4 से 6 नवंबर तक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कई जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान है। 5 से 7 नवंबर के बीच तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश हो सकती है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश का मौसम
मोंथा तूफान के बाद अब राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। 8 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह और शाम के समय कोहरा छा सकता है।

कुल मिलाकर, उत्तर भारत में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है, जबकि दक्षिण और पूर्वी इलाकों में बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Comments are closed.