दिल्ली में भीषण गर्मी और बिजली संकट से लोग बेहाल, रातें भी बन रहीं मुश्किल
राजधानी दिल्ली इन दिनों चिलचिलाती गर्मी की चपेट में है। ऊपर से बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिन में धूप का कहर झेलने के बाद जब लोग रात में आराम करना चाहते हैं, तभी बिजली गायब हो जाती है। कई इलाकों में रोजाना आधे से डेढ़ घंटे तक बिजली गुल हो रही है, जिससे लोग बेहाल हैं।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा दिक्कत
ब्रह्मपुरी, चौहान बांगर, जाफराबाद, प्रियदर्शनी विहार, मंडावली, सादतपुर, करावल नगर, सुंदर नगरी और त्रिलोकपुरी जैसे इलाकों में बिजली कटौती ने लोगों की नींद हराम कर दी है। गर्मी और उमस से परेशान लोग हाथ से पंखा झलने को मजबूर हैं, खासकर वे जिनके घरों में इन्वर्टर या कूलिंग सिस्टम नहीं हैं।
सादतपुर की निवासी सुमन रघुवंशी ने बताया कि बीते कुछ दिनों से रात को एक से डेढ़ घंटे तक लाइट चली जाती है। “अचानक बत्ती गुल हो जाती है, और बिजली कंपनी की ओर से कोई सूचना तक नहीं आती,” उन्होंने कहा।
पानी की किल्लत, थानों में भी हाल बेहाल
केवल बिजली ही नहीं, पीने के पानी की भी भारी किल्लत देखने को मिल रही है। यमुनापार के कई पुलिस थानों में ठंडे पानी की मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। ये मशीनें जनता और पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए लगाई गई थीं, लेकिन अब इनकी मरम्मत की किसी को फिक्र नहीं है।
दयालपुर, शकरपुर और लक्ष्मी नगर थानों में मशीनें महीनों से बंद हैं। थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे लोगों ने कहा कि गर्मी में ठंडा पानी भी न मिलना बेहद तकलीफदेह है। “मशीन तो लगी है, लेकिन देखभाल के अभाव में कोई काम की नहीं रही,” एक फरियादी ने बताया।
गर्मी से राहत की कोई सूरत नहीं
दिल्ली में तापमान लगातार चढ़ रहा है और राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम आदमी का जीना दुश्वार हो गया है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से लोगों की बस यही मांग है — कम से कम गर्मी के इस भीषण मौसम में बिजली और पानी की आपूर्ति में लापरवाही न बरती जाए।
Comments are closed.